Meena Kumari Birth Anniversary: बॉलीवुड के 112 साल से ज्यादा के इतिहास में एक से बढ़कर एक हसीनाएं हुई हैं. अनगिनत अदाकाराओं ने अपने अभिनय से ऐसी छाप छोड़ी कि वो हमेशा-हमेशा के लिए अमर हो गईं. हर दौर में किसी न किसी अदाकारा ने हर उम्र वर्ग के लोगों के दिलों को जीतने का काम किया था. गुजरे दौर की एक्ट्रेस मीना कुमारी का जलवा भी कुछ ऐसा ही था.
मीना कुमारी के फिल्मी करियर के साथ-साथ उनकी लाइफ भी काफी छोटी रही, हालांकि वो पहचान बहुत बड़ी बनाकर गईं. अभिनेत्री ने अपने करीयर में कई शानदार फ़िल्में दीं और खूब नाम कमाया, हालांकि उनकी लाइफ में कई दर्द भी रहे. पैदा होते से ही उनकी लाइफ में दुख-दर्द ने दस्तक दे दी थी. फिर पर्सनल लाइफ में भी उन्होंने दर्द झेले. फिर शराब की लत लगी और छोटी उम्र में ही वो इस दुनिया से अलविदा हो गई थीं.
पैदा होते ही पिता ने अनाथालय में छोड़ा
1 अगस्त 1933 को मुंबई में मीना कुमारी का जन्म हुआ था. उनका ताल्लुक मुस्लिम परिवार से रहा, उनका असली नाम महजबीं बानो था. बताया जाता है कि मीना के पिता बेटा चाहते थे और जब उनका जन्म हुआ तो पिता ने गुस्से और अफसोस में मीना को एक अनाथालय में छोड़ दिया था. हालांकि मीना की मां अपने नवजात बच्चे से बिछड़कर बहुत रोई थीं. इसके बाद मीना के पिता मीना को अनाथालय से वापस लेकर आ गए थे.

ये भी पढ़ें: ‘शादी के लिए कमिटेड नहीं थे संजय दत्त…’ माधुरी ने क्यों तोड़ा रिश्ता? असली वजह आई सामने
6 साल की उम्र में किया डेब्यू
मीना कुमारी ने नन्हीं उम्र में ही कैमरा फेस कर लिया था. उनके घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, ऐसे में वो कम उम्र में ही फिल्मी दुनिया में काम करने लगीं. सबसे पहले एक्ट्रेस साल 1939 की फिल्म ‘लेदरफेस’ में दिखई दीं. इसमें उन्होंने अपने असली नाम महजबीं का किरदार निभाया था.
100 हफ्तों तक थिएटर में चली ‘बैजू बावरा’
बतौर लीड एक्ट्रेस मीना कुमारी को सबसे पहले बड़ी और खास पहचान फिल्म ‘बैजू बावरा’ ने दिलाई थी. 74 साल पुरानी ये मूवी आज भी भारतीय सिनेमा के इतिहास में अमर है. ये फिल्म दर्शकों को इस कदर पसंद आई थी कि 100 हफ्तों तक ये थिएटर से नहीं उतरी थी. इसमें मीना के साथ दिवंगत अभिनेता भारत भूषण ने काम किया था. बता दें कि मीना ने इसके लिए 1954 में बेस्ट एक्ट्रेस का पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किया था.

15 साल बड़े शादीशुदा डायरेक्टर से की थी शादी
मीना ने कम उम्र में ही मशहूर डायरेक्टर कमाल अमरोही से शादी कर ली थी. दोनों की शादी साल 1952 में हुई थी. हालांकि कमाल पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे. मीना से उनकी तीसरी शादी थी. इसके अलावा वो मीना से उम्र में 15 साल बड़े भी थे. हालांकि दोनों का रिश्ता उतार-चढ़ाव भरा रहा. शादी के 12 साल बाद उनके रिश्ते में दरार पड़ गई थी और मीना को कमाल ने तीन तलाक दे दिया था.

ये भी पढ़ें: ‘100% ऑस्कर मिलेगा…’, टीवी के कृष्ण ने ‘रामायण’ को लेकर किया प्रिडिक्शन
हलाला के दर्द से गुजरीं मीना कुमारी
मीना कुमारी को तलाक देने के बाद कमाल अमरोही वापस एक्ट्रेस को अपनी लाइफ में चाहते थे. हालांकि ये बिल्कुल भी आसान नहीं था. इसके लिए मीना को हलाला के दर्द से गुजरना पड़ा था. इस्लाम के अनुसार अगर तलाक के बाद वो जोड़ा वापस शादी करना चाहता है तो महिला को हलाला का सामना करना पड़ता है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जाता रहा है कि एक्ट्रेस जीनत अमान के पिता अमान उल्लाह खान के साथ फिर मीना का हलाला करवाया गया था और फिर कमाल ने मीना से वापस शादी की.

शराब की लगी बुरी लत, 39 की उम्र में निधन
हलाला के दर्द से गुजरने के बाद मीना कुमारी बुरी तरह टूट गई थीं. इसके बाद एक्ट्रेस ने शराब को अपना सहारा बना लिया था. शराब की उन्हें बहुत बुरी लत लग चुकी थी और इसके चलते एक्ट्रेस को फिर लीवर संबंधित बीमारी हो गई थी. बीमारी से जूझते हुए एक्ट्रेस का महज 39 साल की उम्र में 31 मार्च 1972 को निधन हो गया था.

