भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा सितंबर-अक्तूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगे। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की चयन समिति के अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की है। 28 वर्षीय और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने हाल ही में चोट से उबरने के बाद वापसी की है।
सितंबर 2025 में टोक्यो विश्व चैंपियनशिप से पहले उन्हें पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने इस सीजन की देर से शुरुआत करते हुए दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने 85.69 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया। नीरज ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी भागीदारी की पुष्टि पहले ही कर दी थी, लेकिन उन्होंने 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक आईची-नागोया (जापान) में होने वाले एशियाई खेलों में खेलने को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा था।

