
Long Drive Tips: इन दिनों यह देखा जा रहा है कि रात के समय लॉन्ग ड्राइव पर निकलना काफी जोखिम भरा हो गया है. आए दिन रात के समय नेशनल और स्टेट हाईवे पर कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. कई घायल हो रहे हैं, तो कइयों ने अपनी जान भी गंवा दी. ऐसे में रात के समय फुल स्पीड में लॉन्ग ड्राइव पर निकलना कहीं से भी जिम्मेदारी भरा फैसला नहीं है. अगर रात के समय आप लॉन्ग ड्राइव पर जा रहे हैं, तो आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, आइए जानते हैं.
कितनी होनी चाहिए आपकी गाड़ी की स्पीड
दिन की तुलना में रात के समय ज्यादा भारी वाहन सड़कों पर दौड़ रहे होते हैं. फोर लेन वाले नेशनल हाईवे पर 70 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार को ही सुरक्षित माना जाता है. वहीं, बिना डिवाइडर वाली सड़कों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटा की गति को सुरक्षित माना जाता है.
हेडलाइट की जांच और लो-बीम का सही इस्तेमाल
लॉन्ग ड्राइव पर निकलने से पहले अपनी हेडलाइट की जांच जरूर करें. वहीं, ड्राइव करते समय सामने से आ रही गाड़ी के लिए लो बीम का इस्तेमाल करें, ताकि सामने से आने वाली गाड़ी के ड्राइवर की आंखें चौंधिया न जाएं. इससे सामने से आ रहे वाहन के ड्राइवर को सड़क देखने में परेशानी नहीं होगी और दुर्घटना का खतरा भी कम होगा.
आगे चल रही गाड़ी से बनाकर रखें सुरक्षित दूरी
सड़क पर रात के समय गाड़ी चलाते हुए एक बात का विशेष रूप से ध्यान दें कि अपने आगे चल रही गाड़ी से कम से कम 4 सेकंड की दूरी बनाकर चलें. इससे इमरजेंसी में ब्रेक लगाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा. अचानक आगे कोई वाहन रुक जाए या कोई दूसरी परेशानी सामने आ जाए, तो आपके पास गाड़ी संभालने के लिए थोड़ा ज्यादा समय रहेगा.
गांव के रास्तों और पशुओं से रहें सावधान
अगर आप ग्रामीण इलाकों से होकर जा रहे हैं, तो वहां कभी-कभी पशु अचानक सामने आ जाते हैं. इसलिए पूरी तरह से सतर्क रहें और गाड़ी धीरे चलाएं. खासकर ऐसी सड़कों पर रात के समय तेज रफ्तार से बचना चाहिए, जहां स्ट्रीट लाइट या सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होती है.
ड्राइविंग के दौरान झपकी आए तो तुरंत रुकें
रात के वक्त अक्सर ड्राइव करते समय थकान की वजह से नींद आने लगती है और एक झपकी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. अगर रात के समय ड्राइव करते हुए नींद आती है, तो किसी पेट्रोल पंप या ढाबे के पास गाड़ी रोककर आराम करें. नींद आने पर जबरदस्ती ड्राइव करते रहने के बजाय कुछ देर रुकना ही सुरक्षित तरीका है.
सफर की शुरुआत से पहले गाड़ी में जांचें ये जरूरी चीजें
रात की लॉन्ग ड्राइव शुरू करने से पहले टायर के प्रेशर की जांच करें. इसके साथ ही विंडस्क्रीन और सभी लाइटों को अच्छी तरह से साफ कर लें. इससे रात के समय सड़क और आसपास के वाहनों को देखने में आसानी होगी.
किसी भी हादसे या इमरजेंसी में इन नंबरों पर करें कॉल
अगर रास्ते में कोई गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त दिखे या खुद की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो जाए, तो राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें. आपात स्थिति में 112, राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 और पुलिस के लिए 100 या 112 पर संपर्क किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: एक बैग, एक कैमरा और अनजान रास्ते, Gen Z में क्यों बढ़ रहा सोलो ट्रैवल का क्रेज
The post रात में लॉन्ग ड्राइव का है प्लान? इन बातों का रखें खास ध्यान appeared first on Prabhat Khabar.

