कांगो में शुक्रवार (25 सितंबर 2026) को एक विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं. हादसा उस समय हुआ जब विमान दक्षिण-पश्चिमी किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा था.
कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेन्गे ने बताया कि हादसे में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कतालयी टिएंडे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हो गई.
Kinshasa, Congo: At least 14 people, including two senior military officials, have died in a plane crash in Congo, the military said Friday. The two senior military officials are Lieutenant General Mutombo Katalayi Tiende, head of the military court, and Lieutenant General Bakumi… pic.twitter.com/Ix0CuFTpVF
— Press Trust of India (@PTI_News) September 26, 2026
प्रतिनिधिमंडल और क्रू के लोगों की भी मौत
सेना के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के क्रू मेंबर भी हादसे में मारे गए. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई. रिपोर्ट के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद यह किकविट से राजधानी किंशासा की ओर लौट रहा था. इसी दौरान केन्गे में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे की जांच शुरू
कांगो की सेना ने हादसे की वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. सेना के प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड के चेयरमैन ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने भी कहा कि फिलहाल हादसे की सही वजह सामने नहीं आई है. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
कांगो में विद्रोही समूहों से जारी है संघर्ष
कांगो की सेना लंबे समय से देश के कई हिस्सों में विद्रोही समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है. पूर्वी कांगो में रवांडा समर्थित M23 विद्रोही समूह के साथ संघर्ष भी जारी रहा है. पिछले कुछ समय में विद्रोही समूहों ने कई हमले किए हैं और पूर्वी इलाके के कुछ प्रमुख शहरों पर कब्जा भी किया है. ऐसे माहौल में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों की विमान हादसे में मौत को कांगो के लिए एक बड़ी घटना माना जा रहा है.


