विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों में पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ लोगों को राजधानी की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए स्मारकों पर विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस दौरान पर्यटकों को स्वच्छता और विरासत संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर रहेगा।

पर्यटन दिवस पर ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले लोगों को स्मारकों के इतिहास और उनकी अहमियत से परिचित कराया जाएगा। साथ ही उनसे अपील की जाएगी कि वे परिसर में कूड़ा न फैलाएं और ऐतिहासिक इमारतों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचाएं। जिम्मेदार पर्यटन के तहत यह संदेश दिया जाएगा कि ये स्मारक केवल घूमने की जगह नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजकर रखने वाली धरोहर हैं।

