
Cleaning Tips: सोफे पर आराम से बैठकर गर्मागर्म चाय और कॉफी का मजा लेना शायद ही किसी को अच्छा न लगता हो. शाम को टीवी देखते हुए या फिर अपने दोस्तों के साथ बातें करते हुए जब हाथों में चाय का कप हो, तो पूरे दिन की थकावट मानो छूमंतर ही हो जाती है. लेकिन असली ड्रामा तो तब शुरू होता है जब अचानक से हाथ हिल जाता है और पूरी की पूरी चाय या कॉफी सीधे आपके सोफे के कवर और गद्दे पर गिर जाती है. उस एक सेकंड में दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं और दिमाग भी साथ देना बंद कर देता है. ऐसे हालात में ज्यादातर लोग जल्दबाजी में आकर कोई भी कपड़ा उठा लेते हैं और इस दाग को जोर-जोर से रगड़ने लग जाते हैं, बिना यह सोचे कि यही उनकी सबसे बड़ी गलती हो सकती है. जब आप इस गिरी हुई चाय या कॉफी को कपड़े से रगड़ते हैं, तो वह साफ होने के बजाय फैब्रिक के अंदर तक चली जाती है.
अगर आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है, तो इस आर्टिकल को पढ़ने के बाद आपको घबराहट तो बिल्कुल भी नहीं होने वाली है. आज हम आपको कुछ ऐसे बहुत ही आसान और कमाल के तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप इन जिद्दी दागों को मिनटों में गायब कर सकते हैं और वह भी सोफे को डैमेज किए बिना. तो चलिए इन उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
चाय या कॉफी गिरते ही सबसे पहले क्या करें?
जैसे ही सोफे पर चाय या कॉफी गिरे, बिना देरी किए सबसे पहले एक सूखा हुआ कॉटन का कपड़ा, टिश्यू पेपर या फिर एक साफ तौलिया उठा लें. अब इसे दाग वाली जगह पर बिल्कुल ही हल्के-हल्के हाथों से दबाएं. जब आप ऐसा करते हैं तो सोफे पर गिरा हुआ लिक्विड कपड़े के अंदर एब्जॉर्ब हो जाता है. सिर्फ इस बात का ख्याल रखें कि आपको इस कपड़े से सोफे को घिसना या रगड़ना बिल्कुल भी नहीं है. अगर आप दाग को घिसेंगे या फिर रगड़ेंगे, तो यह फैब्रिक के अंदर तक चला जाएगा और पहले से ज्यादा फैल भी जाएगा. इसलिए इसे सिर्फ इतना ही दबाएं जितने में यह कपड़ा लिक्विड को एब्जॉर्ब कर ले.
ये भी पढ़ें: घर की सफाई करते समय पहले धूल साफ करें या पोछा लगाएं? सही तरीका जानकर आधी हो जाएगी मेहनत
बर्तन धोने वाले लिक्विड और गुनगुने पानी का इस्तेमाल
अगर सोफे पर गिरा चाय या कॉफी का दाग बहुत गहरा नहीं है, तो ऐसे सिचुएशन में आपको किचन में इस्तेमाल होने वाले लिक्विड डिशवॉश का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके लिए सबसे पहले एक कटोरे में थोड़ा सा गुनगुना पानी लें और उसमें आधा चम्मच लिक्विड डिशवॉश मिला लें. अब इस पानी में एक साफ कॉटन का कपड़ा डुबोएं और अच्छे से निचोड़ लें. अब इस कपड़े से दाग वाली जगह को हल्के हाथों से थपथपाकर साफ करें. जब दाग हल्का हो जाए, तो एक दूसरे साफ गीले कपड़े से साबुन को पोंछ लें. लास्ट में किसी सूखे कपड़े से जगह को अच्छी तरह से सुखा दें.
वाइट विनेगर और पानी का इस्तेमाल
अगर आपकी चाय या फिर कॉफी में दूध की मात्रा ज्यादा थी या फिर दाग थोड़ा पुराना और गहरा हो गया है, तो ऐसे सिचुएशन में आपकी मदद वाइट विनेगर कर सकता है. विनेगर इस दाग के निशान को काटता है और साथ ही उसमें से आने वाली अजीब सी बदबू को भी खत्म करने में मदद करता है. इसके लिए सबसे पहले एक कप पानी लें और उसमें एक चम्मच वाइट विनेगर मिला लें. अब इस घोल में कपड़ा या स्पंज भिगोएं और दाग पर हल्के-हल्के लगाएं. विनेगर सोफे के रंग को डैमेज पहुंचाए बिना दाग को गायब कर देता है. दाग साफ होने के बाद साफ पानी में कपड़ा भिगोकर उस जगह को पोंछ लें ताकि विनेगर की महक निकल जाए.
बेकिंग सोडा से हटाएं जिद्दी दाग
अगर चाय और कॉफी का यह दाग थोड़ा सा सूख चुका है और लाख कोशिशों के बावजूद भी निकल नहीं रहा है, तो इससे छुटकारा पाने में बेकिंग सोडा आपकी काफी मदद कर सकता है. बेकिंग सोडा इस तरह के किसी भी दाग को खींच लेता है और साथ ही मॉइस्चर और बदबू दोनों को ही खत्म भी कर देता है. इसके लिए सबसे पहले दाग वाली जगह पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. बेकिंग सोडा दाग और मॉइस्चर को अपने अंदर एब्जॉर्ब कर लेगा. इसके बाद एक हल्के गीले कपड़े से बेकिंग सोडा पोंछकर साफ कर लें. आप चाहें तो थोड़े से पानी में बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाकर भी दाग पर लगा सकते हैं.
शेविंग क्रीम का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
यह तरीका आपको सुनने में थोड़ा सा अजीब भले ही लग सकता है, लेकिन शेविंग क्रीम या फिर फोम का इस्तेमाल करके भी आप चाय और कॉफी के जिद्दी दागों को आसानी से साफ कर सकते हैं. इसके लिए दाग वाली जगह पर थोड़ी सी शेविंग क्रीम लगाएं. अब इसे अपनी उंगली या स्पंज से दाग वाली जगह पर फैलाएं और 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद एक गीले कपड़े से इसे पोंछकर साफ कर लें, शेविंग क्रीम में ऐसे एलिमेंट्स होते हैं जो दाग को कमजोर कर देते हैं और सोफा इंस्टेंट साफ हो जाता है.
ये भी पढ़ें: गंदगी से काले पड़ गए हैं स्विच बोर्ड और दरवाजों के हैंडल? घर पर बने इस क्लीनर से लौटाएं नई जैसी चमक
The post सोफे पर गिर गई चाय और रह गया गहरा दाग? बिना देर किए सबसे पहले कर लें ये जरूरी काम appeared first on Prabhat Khabar.


