क्या आग में स्टील पिघल गया था?
एनआईएसटी की जांच के अनुसार, टावरों के ढहने के लिए स्टील का पिघलना जरूरी नहीं था। विमान की टक्कर से फायरप्रूफिंग हट गई थी और उसके बाद कई मंजिलों पर लगी भीषण आग ने स्टील और फर्श की संरचना को कमजोर किया।
गर्मी के कारण फर्श झुकने लगे। इन झुके हुए फर्शों ने बाहरी स्तंभों को अंदर की ओर खींचा। जब बाहरी स्तंभ अपना भार संभालने की स्थिति में नहीं रहे, तो ऊपर का हिस्सा नीचे की ओर ढहना शुरू हुआ।
कौन सा टावर पहले गिरा?
- साउथ टावर पर हमला नॉर्थ टावर के बाद हुआ था, लेकिन वह पहले ढहा।
- सुबह 9:58 बजे साउथ टावर गिर गया, विमान की टक्कर के करीब 56 मिनट बाद।
- इसके बाद सुबह 10:28 बजे नॉर्थ टावर ढह गया, विमान की टक्कर के करीब 102 मिनट बाद।
- जांच में पाया गया कि दोनों टावरों में ढहने की प्रक्रिया विमान की टक्कर और आग से सबसे ज्यादा प्रभावित हिस्सों में शुरू हुई और फिर नीचे की ओर बढ़ी। जांच में टावरों के ढहने के लिए नियंत्रित विस्फोट का कोई प्रमाण नहीं पाया गया।
इतनी ऊंचाई पर विमान टकराने की आशंका भी जताई गई थी?
ट्विन टावर्स की असाधारण ऊंचाई को लेकर उस समय विमानन सुरक्षा से जुड़ी चिंता भी सामने आई थी। 2 मई 1968 को न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित एक विज्ञापन में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की प्रस्तावित ऊंचाई से हवाई यातायात पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल उठाए गए थे। विज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि इतनी ऊंची इमारतों की वजह से विमानों के उड़ान मार्ग और न्यूनतम उड़ान ऊंचाई में बदलाव करना पड़ सकता है। विज्ञापन के चित्र में एक विमान को नॉर्थ टावर के शीर्ष के बेहद करीब दिखाया गया था।
हालांकि, उस समय किसी ने यह कल्पना नहीं की थी कि यात्री विमानों को जानबूझकर टावरों से टकराया जाएगा। 9/11 मेमोरियल के अनुसार, बाद में 9/11 आयोग ने इसे फेल्योर ऑफ इमैजिनेशन यानी खतरे की कल्पना न कर पाने के संदर्भ में बताया।
ट्विन टावर्स की जगह अब क्या है?
टावरों के ढहने के बाद इस जगह का पुनर्विकास किया गया। पुराने टावरों की जगह आज 9/11 मेमोरियल के दो बड़े जलकुंड हैं। ये दोनों उसी स्थान पर बनाए गए हैं जहां नॉर्थ और साउथ टावर खड़े थे। इनके चारों ओर 11 सितंबर 2001 के हमले और 1993 के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बम धमाके में मारे गए लोगों के नाम अंकित हैं।
इसके आसपास नया वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परिसर विकसित किया गया, जिसमें 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम, परिवहन केंद्र और कई नई इमारतें शामिल हैं।
उसी जगह फिर बना वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर
ट्विन टावर्स की जगह बने नए परिसर की सबसे प्रमुख इमारत वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर है। इसकी ऊंचाई 1,776 फीट रखी गई, जो 1776 में अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा का प्रतीक है। इसमें 104 मंजिलें हैं और 2014 में यह पूरी तरह खुला। यानी जिस जगह पर कभी 110 मंजिला ट्विन टावर्स खड़े थे, उसी जगह के पुनर्विकास में आज 1,776 फीट ऊंचा वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर खड़ा है।


