महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गुरुवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नांदेड़ जिले में सीताखंडी घाट के पास एक यात्री वैन और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक हादसा नांदेड-भोकर मार्ग पर हुआ।
एक पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना शाम करीब सात बजे सीताखंडी घाट के पास हुई। टाटा मैजिक वैन नांदेड से भोकर की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वैन से घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस ने जारी की मृतकों की हुई पहचान
पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को निकालने के बाद आपात उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारी के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में पांच की पहचान पांडुरंग वाघमारे, लक्ष्मीबाई वाघमारे, सैयद अल्तमश, शेख फिरोज और बलवान पवार के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।


