राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के मतदान के दौरान बुधवार को डीडवाना और नागौर में विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। डीडवाना के वार्ड-11 में वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की हुई। वहीं, नागौर के खत्रीपुरा में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुटों के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया। दोनों स्थानों के मतदान केंद्रों पर पुलिस तथा सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई।


विधायक ने लगाया मिलीभगत का आरोप
डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना में स्थित देशवाली भवन मतदान केंद्र पर निर्दलीय विधायक यूनुस खान अपने परिवार के साथ मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे थे। आरोप है कि बाहर से आए कुछ लोगों ने उनके और परिजनों के साथ धक्का-मुक्की की तथा पहचान पत्र और मतदान पर्ची फाड़ दी। यूनुस खान ने कांग्रेस और भाजपा के समर्थकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान के दौरान उन पर और उनके परिवार पर यह तीसरा हमला है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पहले ही सुरक्षा मांगी थी, लेकिन सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। विधायक ने भाजपा, कांग्रेस और पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाकर एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की तथा मतदान करने से मना कर दिया। घटना की सूचना पर वृत्ताधिकारी उमेश गुप्ता और थानाधिकारी मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें- राजस्थान निकाय चुनाव: 3 बजे तक 63.55% मतदान, छोटे कस्बों में जोश तो बड़े शहरों में सुस्ती
खत्रीपुरा केंद्र के बाहर हुआ पथराव
नागौर के खत्रीपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय-5 मतदान केंद्र के बाहर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और सुरक्षाबलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। हंगामे के बावजूद मतदान प्रक्रिया रोकी नहीं गई और मतदाताओं ने पुलिस की मौजूदगी में वोट डाले। पथराव में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन ने दोनों केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
