
मिडिल ईस्ट में जारी जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ ‘आर-पार’ की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं. राष्ट्र के नाम दिए संबोधन में ट्रंप ने साफ किया कि तेहरान के खिलाफ ऑपरेशन एपिक फ्यूरी अभी भी जारी है. अगले दो से तीन सप्ताह में ईरान पर बड़े हमले करने की चेतवानी भी दी. इसके पहले अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से भी पाकिस्तान के जरिए ईरान को कड़ा संदेश भेजने की खबर सामने आई है. हालांकि इसको लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है.
जेडी वेंस ने पाकिस्तान से बात -रिपोर्ट
रॉयटर्स से मामले के एक जानकार ने बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने मंगलवार को ही ईरान जंग के संबंध में पाकिस्तान के मध्यस्थों से बातचीत की थी. जिसमें सीजफायर के लिए अमेरिका की कुछ शर्तों को पूरा करने की बात कही गई. सूत्रों के मुताबिक वेंस ने पाकिस्तानी मध्यस्थों को कड़ा संदेश भी दिया. कहा कि ट्रंप ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तेहरान की ओर से डील नहीं की जाती तो उस पर सैन्य कार्रवाई और तेज होगी.
पाकिस्तान की मध्यस्थता की पेशकश
पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ बनने की पेशकश कर रहा है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक बीते सप्ताह ही इस्लामाबाद ने तेहरान को 15 सूत्रीय शांति योजना भेजी थी. हालांकि ईरान ने इसे खारिज कर दिया. पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार शांति योजना पर चीन का समर्थन मांगने के लिए तेहारन पहुंचे थे.
ट्रंप ने ईरान को दी बड़े हमले की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (2 अप्रैल) को राष्ट्र के नाम दिए संबोधन में साफ कहा कि ईरान के साथ जंग खत्म नहीं हुई है. अगले दो से तीन सप्ताह में और बड़े हमले की चेतावनी दी. ट्रंप ने कहा, ‘हम टारगेट को पूरा करने के लिए ऑपरेशन एपिक प्यूरी जारी रखेंगे. अमेरिका अपने सभी लक्ष्य को जल्द ही पूरा करने की राह पर है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम अगले दो से तीन हफ्तों में उन पर बेहद कड़ा प्रहार करने वाले हैं. हम उन्हें वापस पाषाण युग में ले जाएंगे, जहां वे वास्तव में थे.’
