उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से कल देर रात मिली सूचना के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 2017 में डॉ. शर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। शर्मा यूपी की राजनीति का परिचित चेहरा रहे हैं। 62 वर्षीय शर्मा का कार्यकाल नवंबर माह के अंत में खत्म होने वाला था और उससे पहले ही उन्हे नई जिम्मेदारी सौंप दी गई।
वर्ष 2017 से 2022 तक उपमुख्यमंत्री के तौर पर माध्यमिक और उच्च शिक्षा के अलावा विज्ञान और प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी भी देख चुके हैं। दिनेश शर्मा 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़े थे। इसके बाद राज्यसभा से सांसद बनाया गया।
दिनेश शर्मा लगातार दो बार लखनऊ के मेयर रहे हैं। साल 2006 और 2018 तक लगातार दो बार लखनऊ के रहे। वे लखनऊ यूनिवर्सिटी के वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर का दायित्व भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे यूपी मेयर काउंसिल के 2007 से मार्च 2018 तक अध्यक्ष भी रहे हैं।
डॉ. शर्मा भाजपा संगठन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई पदों पर काम कर चुके हैं। गुजरात के प्रभारी के अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री और राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक भी रहे हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं।
बेदाग छवि वाले डॉ. शर्मा ने अपने राजनीतिक करिअर की शुरुआत आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी से की थी। विद्यार्थी जीवन में ही राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए डॉ. शर्मा अध्यापन के बाद राज्य राजनीति से होते हुए राष्ट्रीय राजनीति में पहुंचे और अब उनके जीवन का एक नया अध्याय आरंभ हुआ है।

