राज्य की बीजेपी सरकार ने शुक्रवार को अभिनेता और पार्टी नेता मिथुन चक्रवर्ती को अपना सांस्कृतिक सलाहकार बनाया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अभिनेता ने राज्य में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए बड़ा एलान किया है।
शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए बड़ा एलान
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने राज्य में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए 30 फीसदी सब्सिडी देने का एलान किया।
इससे एक दिन पहले बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में मिथुन ने इस सब्सिडी को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से फिल्म इंडस्ट्री के लिए सब्सिडी देने की खास मांग की थी, जिसे उन्होंने मंजूरी दे दी।
शुक्रवार को अपनी नई जिम्मेदारी की घोषणा के बाद मीडिया से बात करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, ‘हम कोशिश करेंगे कि हमने जो कुछ खोया है, उसे वापस लाया जाए। हम 30 फीसदी सब्सिडी दे रहे हैं, ताकि पूरे भारत से लोगों को बंगाल लाया जा सके। हम लोगों से कह रहे हैं कि बंगाल आएं और यहां शूटिंग करें।’


