डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता और चाचा पर अपनी ही 21 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। आरोप है कि युवती के बॉयकट हेयर रखने और घर से बाहर नौकरी करने से नाराज पिता ने अपने भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चाचा की तलाश जारी है।
घटना पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पथरियापुरा की है। मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर घर में विवाद के बाद आरोपी पिता भगवान सिंह यादव और उसके भाई संतोष यादव ने पहले परिवार की 17 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ मारपीट की और कथित तौर पर उसका गला दबाने का प्रयास किया। मां के हस्तक्षेप के बाद बच्ची को बचाया जा सका।
ये भी पढ़ें-शर्मनाक: गुना में पति पर ही लगा पत्नी को बेचने का सनसनीखेज आरोप, बोली- दूसरी महिला के साथ मिलकर किया सौदा
पहले पीटा, फिर गला दबाकर मार डाला
इसके बाद आरोपी दूसरे घर में पहुंचे, जहां 21 वर्षीय अनु मौजूद थी। आरोप है कि दोनों ने पहले उसके साथ मौजूद मुंहबोले भाई मनमोहन पांडे के साथ मारपीट की और फिर अनु पर हमला कर दिया। युवती के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई।
बेटी का रहन-सहन नहीं था पसंद
बताया जा रहा है कि अनु उर्फ नंदनी कर्नाटक के विजयपुर स्थित एक मॉल में नौकरी करती थी और उसका रहन-सहन आरोपियों को पसंद नहीं था। वह बॉयकट हेयर रखती थी और लड़कों जैसे पहनावे व जीवनशैली में रहती थी। रक्षाबंधन के मौके पर घर आने के बाद परिवार में विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर यही विवाद उसकी हत्या की वजह बन गया।
गांव के बाहर से पिता गिरफ्तार
वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। मां की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत की टीम ने गांव के बाहर से मुख्य आरोपी पिता भगवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी सौरभ कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग का मामला है। पिता और चाचा पर युवती की हत्या का आरोप है। एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

