US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जहां एक ओर बातचीत ठप पड़ी है, वहीं दूसरी ओर डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि तेहरान की ओर से व्हाइट हाउस से अपील की गई है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया जाए, क्योंकि ईरान की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह संदेश किस माध्यम से या किन आधिकारिक चैनलों के जरिए भेजा गया. इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान इस समय “गंभीर नेतृत्व संकट” का सामना कर रहा है.
ट्रंप का ईरान पर नया दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर दावा किया कि ईरान ने अमेरिका को सूचित किया है कि वह “ढहने की स्थिति” में है और चाहता है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द से जल्द खोल दिया जाए. ट्रंप के मुताबिक, ईरान इस समय अपनी नेतृत्व स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें लगता है कि तेहरान इस स्थिति से उबर सकता है.
हालांकि, इस दावे को लेकर अब तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ऐसे में यह बयान मौजूदा तनावपूर्ण हालात के बीच एकतरफा दावा माना जा रहा है, जो पहले से ही संवेदनशील कूटनीतिक स्थिति को और जटिल बना सकता है.
कूटनीति स्तर पर बना गतिरोध
राष्ट्रपति ट्रंप का ये बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज को लेकर तनाव चरम पर है और वैश्विक तेल आपूर्ति पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. दूसरी तरफ, कूटनीतिक स्तर पर गतिरोध बना हुआ है, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता और बढ़ सकती है.
डोनाल्ड ट्रंप का यह ताजा सोशल मीडिया पोस्ट होर्मुज को लेकर पिछले दो महीनों में दिए गए उनके कई बयानों में से एक है. नाकेबंदी के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है. अमेरिका–इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव और सैन्य टकराव के चलते यह रणनीतिक समुद्री मार्ग पिछले कई हफ्तों से वैश्विक ध्यान का केंद्र बना हुआ है.
होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल गुजरता है. ऐसे में इसके बंद रहने से न सिर्फ क्षेत्रीय तनाव बढ़ा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा बाजार पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है.

