प्राइम वीडियो की पॉपुलर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ इन दिनों काफी चर्चा में हैं. इस सीरीज में खून-खराबा और भौकाल सबकुछ कमाल का देखने के लिए मिला था. इसके तीन सीजन भी आ चुके हैं, जो कि हिट रहे. ऐसे में अब तीन सीजन से तबाही मचाने के बाद इस हिट सीरीज की फिल्म थिएटर में आ रही है, जिसके जरिए एक बार फिर से गुड्डू पंडित और कालीन भइया का आतंक देखने के लिए मिलने वाला है. ऐसे में अब ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी सर्टिफिकेशन बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है.
कितना होगा ‘मिर्जापुर द मूवी’ का रन टाइम?
‘मिर्जापुर द मूवी’ की डिटेल के बारे में बात की जाए तो सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की वेबसाइट के अनुसार, पंकज त्रिपाठी और अली फजल की इस क्राइम थ्रिलर फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है. फिल्म का रन टाइम भी काफी लंबा है. ये 197.19 मिनट की फिल्म है. अगर घंटों में बात की जाए तो ये 3 घंटे 17 मिनट की फिल्म है. मूवी को 29 अगस्त को सीबीएफसी की ओर से हरी झंडी मिली है. ऐसे में अगर आप फैमिली और बच्चों के साथ इसे देखने जाने का प्लान कर रहे हैं तो देख नहीं पाएंगे. क्योंकि फिल्म को 18 साल से ज्यादा की उम्र के लोग ही देख सकेंगे.
यह भी पढ़ें: ‘इरुमुडी’ बनी रवि तेजा की मोस्ट प्रॉफिटेबल फिल्म, 9 दिन में कमाया 335% प्रॉफिट
कौन होगा ‘मिर्जापुर’ का किंग?
CBFC की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘मिर्जापुर की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. गद्दी की लड़ाई और भी खतरनाक होने वाली है. क्योंकि पुराने दुश्मन एक बार फिर से सामने आ गए हैं और नए खतरे पैदा हो गए हैं. पुराने हिसाब-किताब चुकाने होंगे, जबकि सत्ता के भूखे दावेदार शहर के हिंसक अंडरवर्ल्ड पर कब्जा करने के लिए लड़ रहे हैं.’

‘मिर्जापुर द मूवी’ की स्टार कास्ट
‘मिर्जापुर द मूवी’ के जरिए एक बार से अली फजल गुड्डू पंडित के रोल में दिखाई देंगे और पंकज त्रिपाठी कालीन भैया. वहीं, दिव्येंदु शर्मा की भी वापसी हुई है वो मुन्ना त्रिपाठी बनकर आते हैं. अभिषेक बनर्जी कंपाउंडर, हरशिता गौर डिंपी पंडित, श्रिया पिलगांवकर स्वीटी गुप्ता, श्वेता त्रिपाठी गोलु गुप्ता और रसिका दुग्गल बीना त्रिपाठी के किरदार में वापसी कर रही हैं. इन सभी कैरेक्टर्स को बड़े पर्दे पर देखना बड़ा ही दिलचस्प है.
यह भी पढ़ें: PM नरेंद्र मोदी ने दिग्गज एक्टर उत्तम कुमार को दी श्रद्धांजलि, कहा- ‘हमेशा दिलों में राज करेंगे’
इतना ही नहीं, ‘मिर्जापुर द मूवी’ के जरिए इसमें कुछ नए एक्टर्स की भी एंट्री हुई है. फिल्म में मोहित मलिक, सोनल चौहान और रवि किशन जैसे सितारों की नई एंट्री हुई है. वो अहम किरदारों में दिखाई देने वाले हैं.

