
Happy Couples Secret: दिनभर की व्यस्त जिंदगी में पार्टनर के लिए वक्त निकालना कई बार मुश्किल हो जाता है. सुबह ऑफिस की भागदौड़, दिनभर काम का तनाव और शाम को घर की जिम्मेदारियां… इन सबके बीच कपल्स को एक-दूसरे से खुलकर बात करने का मौका कम ही मिल पाता है. ऐसे में रात को सोने से पहले के कुछ मिनट रिश्ते के लिए बेहद खास हो सकते हैं.
खुश कपल्स इस छोटे से वक्त को यूं ही नहीं जाने देते. वे सोने से पहले कुछ ऐसी आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लेते हैं, जिससे उनके बीच बातचीत, प्यार और अपनापन बना रहता है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे गिफ्ट या बड़े रोमांटिक प्लान की जरूरत नहीं होती. बस एक-दूसरे के लिए थोड़ा वक्त और ध्यान चाहिए.
1. दिन कैसा रहा, ये जरूर पूछते हैं
सोने से पहले पार्टनर से यह पूछना कि “आज का दिन कैसा रहा?” सुनने में भले ही छोटी बात लगे, लेकिन इसका असर बड़ा होता है. इससे सामने वाले को लगता है कि आप उसकी जिंदगी और उसकी परेशानियों में दिलचस्पी रखते हैं. पार्टनर कुछ शेयर करे तो तुरंत सलाह देने के बजाय उसकी बात ध्यान से सुनना ज्यादा जरूरी है.
2. कुछ देर के लिए फोन को कहते हैं गुड नाइट
अगर बिस्तर पर जाने के बाद भी दोनों मोबाइल में लगे रहें, तो साथ होने के बावजूद बातचीत कम हो सकती है. इसलिए खुश कपल्स कोशिश करते हैं कि सोने से पहले कुछ समय फोन, सोशल मीडिया और ऑफिस के मैसेज से दूर रहें. यह वक्त सिर्फ एक-दूसरे के साथ बिताने से रिश्ते में जुड़ाव बढ़ता है.
3. हर बात को रात में सुलझाने की कोशिश नहीं करते
पति-पत्नी या पार्टनर के बीच मतभेद होना सामान्य है. लेकिन हर बहस को उसी वक्त खत्म करना जरूरी नहीं. रात में थकान और गुस्से में कही गई बातें मामला और बिगाड़ सकती हैं. समझदार कपल्स जरूरत पड़ने पर बातचीत रोक देते हैं और तय करते हैं कि इस मुद्दे पर अगले दिन आराम से बात करेंगे.
4. प्यार जताने में कंजूसी नहीं करते
रिश्ते में प्यार सिर्फ बोलकर नहीं, बल्कि छोटे-छोटे इशारों से भी दिखाया जाता है. सोने से पहले एक झप्पी, हाथ पकड़ना, माथे पर किस करना या बस पास बैठना भी पार्टनर को अपनापन महसूस करा सकता है. ऐसे छोटे पल दिनभर की थकान के बीच रिश्ते में गर्माहट बनाए रखते हैं.
5. दिन का अंत अच्छे शब्दों से करते हैं
खुश कपल्स कोशिश करते हैं कि रात खत्म होने से पहले पार्टनर को कुछ अच्छा जरूर कहें. यह किसी काम के लिए “थैंक यू” हो सकता है, किसी छोटी कोशिश की तारीफ या फिर सिर्फ इतना कहना कि “तुम मेरे लिए बहुत खास हो.” ऐसे शब्द पार्टनर को उसकी अहमियत का एहसास कराते हैं.
रिश्ते में दूरी नहीं, जुड़ाव बढ़ाते हैं ये छोटे पल
मजबूत रिश्ते सिर्फ डेटिंग, महंगे गिफ्ट या बड़े सरप्राइज से नहीं बनते. असली फर्क रोज की छोटी-छोटी आदतें डालती हैं. दिन कितना भी व्यस्त क्यों न हो, अगर कपल्स सोने से पहले कुछ मिनट एक-दूसरे के लिए निकालते हैं, तो बातचीत और अपनापन बना रहता है. यही छोटी कोशिशें धीरे-धीरे रिश्ते को मजबूत बनाती हैं.
यह भी पढ़ें: रिश्ते में हर बार आप ही कर रही हैं समझौता? ये 5 संकेत हैं साफ इशारा
The post सोने से पहले के ये 5 मिनट बदल सकते हैं आपका रिश्ता, Happy Couples करते हैं ये काम appeared first on Prabhat Khabar.

