भारत में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने स्थिति स्पष्ट की है। देश की दूसरी सबसे बड़ी खुदरा ईंधन विक्रेता कंपनी ने कहा है कि E20 पेट्रोल को E10 से बदलने का कोई फैसला नहीं हुआ है। फिलहाल चर्चा इस बात पर हो रही है कि क्या पुराने वाहनों के लिए कम इथेनॉल वाला पेट्रोल एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में उपलब्ध कराया जा सकता है। और अगर ऐसा किया जाता है तो देश के विशाल फ्यूल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में इसकी आपूर्ति कैसे होगी।

क्या E20 पेट्रोल को E10 से बदल दिया जाएगा?
BPCL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजय खन्ना ने कंपनी की वार्षिक शेयरहोल्डर बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि E20 को हटाकर E10 लाने का कोई फैसला नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि कुछ मंचों पर यह चर्चा जरूर हो रही है कि पुराने वाहनों के मालिकों को कम इथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल का विकल्प मिलना चाहिए या नहीं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि E20 को पूरी तरह हटाकर E10 लागू कर दिया जाएगा।
खन्ना ने स्पष्ट किया कि अभी इस मामले में कुछ भी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।
