भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किया। उन्होंने राहुल गांधी के ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ (Smash The Patriarchy) वाले बयान पर पलटवार किया है। बता दें कि रनौत की यह प्रतिक्रिया तब आई है जब राहुल गांधी ने रक्षा बंधन के विज्ञापन विवाद पर अभिनेत्री कृति सैनन का समर्थन किया। हालांकि इस विज्ञापन पर हुए विवाद के बाद मेकर्स ने बुधवार को इसे सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।

कंगना ने क्या पलटवार किया?
अब इस पर कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर राहुल गांधी की टिप्पणियों के जवाब में भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से एक पोस्ट दोबारा साझा की। इस पोस्ट में कांग्रेस नेता की एक तस्वीर थी जिसमें वह एक महिला से ‘पितृसत्ता को खत्म करने’ के लिए कह रहे थे, जिस पर महिला ने जवाब दिया, ‘भाई, रुको। भारत माता की जय शुरू करते हैं।’
राहुल गांधी ने कृति के समर्थन में क्या कहा?
बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन को हाल ही में एक विज्ञापन के चलते काफी ट्रोल किया जा रहा है। इस मामले में राहुल गांधी ने उनका समर्थन किया। दरअसल, इस पूरे विवाद पर मंगलवार दोपहर कृति ने जो बयान जारी कर सफाई दी थी।
राहुल ने उसे री-शेयर किया और लिखा, ‘एक महिला क्या पहनती है? क्या करती है? और कहां जाती है? यह उसकी मर्जी है। महिलाओं को उनकी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।’ (यहां पर राहुल गांधी ने महिलाओं की आजादी को लेकर अपनी बात रखी थी)
कंगना ने मामले पर क्या कहा था?
इस पूरे मामले ने तूल तब पकड़ा था जब कंगना रनौत ने इस पर बात करते हुए अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा था, ‘महिलाओं के लिए यह बहुत अच्छा समय है। हमारे वॉर्डरोब तरह-तरह के कपड़ों से भरे हुए हैं। आज की महिला ग्लोबल है।
कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से लेकर साड़ी, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज तक, इतने सारे ऑप्शन होने के बावजूद आप बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेंगी? आपके स्टाइलिंग ऑप्शन कहां गए’? हाहा, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।’
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कृति ने एक ज्वैलरी ब्रांड के लिए एक विज्ञापन शूट किया। इस विज्ञापन में अभिनेत्री रक्षाबंधन का त्योहार मनाती नजर आईं। एड वीडियो में उनके आउटफिट्स कथित तौर पर रिवीलिंग थे। जिसके बाद कृति को उनकी ड्रेस पर ट्रोल किया गया।

