खरगोन जिले के जामघाट में शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब महाराष्ट्र के 50 से अधिक विद्यार्थियों से भरी एक यात्री बस ब्रेक फेल होने के बाद सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए खाई के ऊपर जा लटकी। गनीमत रही कि बस गहरी खाई में गिरने से पहले ही अटक गई और सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के विद्यार्थी इंदौर से जामघाट होते हुए महेश्वर घूमने जा रहे थे। जामघाट क्षेत्र में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई और रेलिंग तोड़ते हुए खाई के ऊपर लटक गई। बस के खाई की ओर लटकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए बस में फंसे विद्यार्थियों को बाहर निकालना शुरू किया।
इमरजेंसी गेट से निकाले गए सभी विद्यार्थी
ग्रामीणों की मदद से बस में सवार सभी 50 से अधिक विद्यार्थियों को इमरजेंसी गेट के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बड़ा हादसा टलने के बाद विद्यार्थियों को निजी वाहनों की मदद से महेश्वर पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मंडलेश्वर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
खबर अपडेट की जा रही है…