
How to Make Dhoop Batti at Home: घर में रोज पूजा के दौरान भगवान को फूल चढ़ाए जाते हैं. कुछ समय बाद ये फूल सूख जाते हैं और लोग इन्हें कचरे में फेंक देते हैं. लेकिन इन फूलों का दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. सूखे फूलों से आप घर पर ही पूजा में इस्तेमाल होने वाली धूपबत्ती तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ती. आइए जानते हैं आसान तरीका.
पूजा के फूलों को पहले अच्छी तरह सुखाएं
सबसे पहले पूजा में चढ़े फूलों से पत्तियां, डंठल और दूसरी गंदगी अलग कर लें. अब फूलों की पंखुड़ियों को साफ कपड़े या प्लेट पर फैला दें. इन्हें 2 से 3 दिन तक ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी हवा आती हो और हल्की धूप मिलती हो. फूलों में बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए.
सूखे फूलों का पाउडर बनाएं
जब फूल पूरी तरह सूखकर कड़क हो जाएं, तो उन्हें छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. अब इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को एक छलनी से छान लें, ताकि इसमें कोई बड़ा टुकड़ा न रह जाए.
अब खुशबू वाली चीजें मिलाएं
फूलों के पाउडर में थोड़ा पिसा हुआ कपूर, लोबान, गुग्गुल या हवन सामग्री मिलाई जा सकती है. इससे धूपबत्ती में अच्छी खुशबू आएगी. आप चाहें तो अपनी पसंद की हल्की खुशबू वाला इत्र भी थोड़ी मात्रा में डाल सकते हैं.
मिश्रण को गूंथकर आकार दें
अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा देसी घी डालें. जरूरत के हिसाब से पानी की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं. हाथों से इसे अच्छी तरह मिलाकर नरम आटे जैसा मिश्रण तैयार कर लें. अब इसकी छोटी-छोटी बत्तियां या अपनी पसंद का आकार बना लें.
छांव में अच्छी तरह सुखाएं
तैयार धूपबत्तियों को किसी साफ प्लेट या कपड़े पर रखें. इन्हें 1 से 2 दिन तक छांव वाली और हवादार जगह पर सूखने दें. बहुत तेज धूप में रखने से बचें, क्योंकि इससे इसमें मिलाई गई खुशबू कम हो सकती है. जब धूपबत्ती पूरी तरह सूख जाए, तो इसे पूजा के समय इस्तेमाल किया जा सकता है.
इन फूलों से बना सकते हैं धूपबत्ती
धूपबत्ती बनाने के लिए आप गुलाब, गेंदा, मोगरा, चमेली और गुड़हल जैसे फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि फूल साफ हों और उनमें फफूंद या ज्यादा सड़न न हो. खराब या फफूंद लगे फूलों का इस्तेमाल न करें.
यह भी पढ़ें: अमरूद के पत्तों में छिपे हैं सेहत और ब्यूटी के राज, इन 4 तरीकों से करें इस्तेमाल
The post पूजा के सूखे फूल फेंकें नहीं, घर पर ऐसे बनाएं खुशबूदार धूपबत्ती appeared first on Prabhat Khabar.


