हाल ही में महाराष्ट्र के एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ जैसे बॉलीवुड अभिनेताओं नोटिस भेजे थे। यह नोटिस तंबाकू, सिगरेट के भ्रामक विज्ञापनों से जुड़े थे। अब तुकाराम मुंडे ने कहा है कि यदि भेजे गए नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होता है, तो पहले चरण में अभिनेताओं पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
क्या जुर्माना लगने के बाद भी हो सकती है कार्रवाई?
एएनआई से बात करते हुए महाराष्ट्र एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा,
- खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के उल्लंघन के खिलाफ एफडीए द्वारा की गई कार्रवाई का असर दिखना चाहिए।
- हम इस पर नजर रख रहे थे और इसकी जांच कर रहे थे। आप कह सकते हैं कि इसमें थोड़ी देर हुई है, लेकिन देर आए दुरुस्त आए।
- हम काम कर रहे हैं और इसका असर जरूर दिखना चाहिए। ऐसे सभी झूठे और भ्रामक विज्ञापनों के लिए नियम हैं।
- कोई भी भ्रामक विज्ञापन नहीं बनाया जा सकता है। इन पर प्रतिबंध हैं और ये मना हैं। कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
- पहले चरण में 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
- अगर हम फिर भी संतुष्ट नहीं होते हैं, तो FSSAI अधिनियम के तहत प्रतिबंधित वस्तुओं से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।