श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की तर्ज पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए कारसेवा का एलान होने के बाद पुलिस-प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 9 अगस्त को कारसेवा का शंखनाद करने की घोषणा की है। इसके लिए राजस्थान के भरतपुर के बंसी पहाड़पुर से पांच हजार टन गुलाबी पत्थर मंगाया गया है। यह वही पत्थर है, जिसका इस्तेमाल अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण में हुआ था। बृहस्पतिवार को पत्थर आने की सूचना पर खुफिया विभाग और पुलिस की निगाहें आश्रम पर टिकी रहीं।

