- वैश्विक तनाव और मुनाफावसूली से आज सोने के दाम गिरे.
- घरेलू बाजार में सोना ₹1100 सस्ता, ₹1,46,170 पर आया.
- औद्योगिक मांग बढ़ने से चांदी की कीमत आज बढ़ी.
Gold-Silver Rate Today on July 24: आज सोने की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है. ग्लोबल लेवल पर क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों और मिडिल-ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशकों ने कल के हाई लेवल पर जमकर मुनाफावसूली की है इसलिए आज भाव गिर गए हैं.
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कल सोना दो हफ्ते के ऊंचे स्तर 4100 डॉलर प्रति औंस के पार चला गया था, जो आज करीब 1-2% की गिरावट के साथ 4052.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है.
कीमतों में आई कितनी गिरावट?
घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें कल के हाई लेवल 1,47,280 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से 1100 रुपये फिसलकर 1,46,170 के स्तर पर आ गई हैं. 22 कैरेट की भी कीमत कल के 1,35,000 से 1010 रुपये गिरकर 1,33,990 रुपये पर आ गई है. 18 कैरेट वाला सोना भी 830 रुपया सस्ता होकर आज 1,09,630 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है.
क्यों सस्ता हुआ सोना?
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और लाल सागर में जहाजों पर हूतियों के हमलों के कारण कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है. तेल महंगा होने से वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने का डर सता रहा है. ऐसे में निवेशक सोने जैसी संपत्तियों को बेचकर अपना मुनाफा निकाल रहे हैं और नकद पास में रखने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे सोने की कीमतें कम हो रही हैं.
ऊपर से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा बढ़ती महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरें बढ़ाने की संभावनाएं बढ़ गई है. बाजार को सितंबर में ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद है. ब्याज दरें जब बढ़ती हैं, तो सोने जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्ति से लोग अपना निवेश कम कर रहे हैं.
चांदी की चमक बरकरार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सितंबर कॉन्ट्रैक्ट के लिए चांदी 2,27,180 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है. इससे पता चलता है कि वैश्विक संकट के बीच भी निवेशक औद्योगिक मांग को देखते हुए चांदी पर दांव लगा रहे हैं. घरेलू रिटेल बाजार में भी चांदी की कीमतें 2,39,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है. चांदी का इस्तेमाल गहनों के साथ-साथ सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल और 5G चिप्स में भी होता है इसलिए कल डिमांड में हुई बढ़ोतरी से आज इसके दाम कल के मुकाबले बढ़ गए हैं.
ये भी पढ़ें:

