Curdled Milk Sweets: कई बार दूध गर्म करते समय या मौसम की वजह से फट जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फटा हुआ दूध कई स्वादिष्ट मिठाइयों का बेस बन सकता है. फटे हुए दूध से बना ताजा छेना (पनीर) कई ट्रेडिशनल बंगाली और भारतीय मिठाइयों की जान होता है. अगर दूध ताजा है और सिर्फ फटा है, तो उसे फेंकने की बजाय उससे स्वादिष्ट मिठाइयां (Curdled Milk Sweets) तैयार की जा सकती हैं.
सबसे पहले ऐसे तैयार करें छेना
फटे हुए दूध को मलमल के कपड़े से छान लें. इसके बाद साफ पानी से धो लें ताकि नींबू या सिरके का स्वाद निकल जाए. अब कपड़े को 20-30 मिनट के लिए टांग दें, जिससे अतिरिक्त पानी निकल जाए. तैयार छेना कई मिठाइयों में इस्तेमाल किया जा सकता है.
1. रसगुल्ला
फटे हुए दूध से बनने वाली सबसे मशहूर मिठाई रसगुल्ला है. मुलायम छेने की छोटी-छोटी बॉल बनाकर चीनी की चाशनी में पकाया जाता है. सही तरीके से बनने पर रसगुल्ले स्पंजी और बेहद स्वादिष्ट बनते हैं.

2. रसमलाई
अगर आपको रिच और क्रीमी मिठाई पसंद है, तो छेने से रसमलाई (Curdled Milk Sweets) बना सकते हैं. छेने की टिक्कियों को केसर और इलायची वाली गाढ़ी दूध की रबड़ी में डाला जाता है. यह त्योहारों की पसंदीदा मिठाई है.

3. छेना संदेश
बंगाल की फेमस मिठाई संदेश भी फटे हुए दूध से बनती है. इसमें छेने को चीनी और इलायची के साथ हल्का पकाकर अलग-अलग आकार दिए जाते हैं. चाहें तो ऊपर से पिस्ता या केसर भी डाल सकते हैं.

4. कलाकंद
अगर आपके पास थोड़ा समय है, तो छेने और दूध को मिलाकर स्वादिष्ट कलाकंद तैयार किया जा सकता है. यह मिठाई दानेदार बनावट और हल्की मिठास के कारण काफी पसंद की जाती है.

5. छेना बर्फी
छेना, चीनी और थोड़ा-सा खोया मिलाकर आप घर पर आसानी से छेना बर्फी बना सकते हैं. इसे सेट होने के बाद मनचाहे आकार में काटकर सर्व करें.
6. चमचम
बंगाली मिठाइयों में चमचम भी काफी मशहूर है. छेने से बने लंबे आकार के पीस चाशनी में पकाए जाते हैं और ऊपर से नारियल का बुरादा या मावा लगाया जाता है.
7. छेना टोस्ट
अगर कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो छेने से मीठा छेना टोस्ट बना सकते हैं. इसे हल्का फ्राई करके चाशनी या रबड़ी के साथ परोसा जाता है.

8. छेना पायस
छेने के छोटे-छोटे टुकड़ों को दूध, चीनी, इलायची और ड्राई फ्रूट्स के साथ पकाकर स्वादिष्ट पायस तैयार किया जा सकता है. यह मिठाई ठंडी और गर्म दोनों तरह से अच्छी लगती है.
9. नारियल-छेना लड्डू
छेने में नारियल का बुरादा, चीनी और इलायची मिलाकर छोटे-छोटे लड्डू तैयार करें. यह बिना ज्यादा मेहनत के बनने वाली स्वादिष्ट मिठाई है.
10. मलाई चॉप (Curdled Milk Sweets)
छेने की स्टफ्ड टिक्कियों को मीठे गाढ़े दूध में डुबोकर मलाई चॉप बनाई जाती है. इसका स्वाद काफी रिच और क्रीमी होता है.

11. छेना मुरकी
छेने के छोटे टुकड़ों को हल्की चाशनी में पकाकर छेना मुरकी बनाई जाती है. यह हल्की मीठी और खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है.
फटे हुए दूध का इस्तेमाल करते समय रखें ये बातें
- सिर्फ ताजा फटे हुए दूध का ही इस्तेमाल करें.
- अगर दूध में खट्टी बदबू आने लगे, तो उसे फेंक दें.
- छेने को अच्छी तरह धोना न भूलें.
- तैयार मिठाइयों को फ्रिज में रखें और 1-2 दिन के भीतर खा लें.
यह भी पढ़ें: घर पर ऐसे बनाएं बिना अंडे के Chocolate Truffle Cake, हर बाइट में मिलेगा रिच चॉकलेटी स्वाद

