
Papaya Leaf Juice for Dengue: डेंगू का नाम सुनते ही लोगों को सबसे पहले प्लेटलेट्स की चिंता होने लगती है. रिपोर्ट में जैसे ही प्लेटलेट्स कम दिखते हैं, मरीज से ज्यादा परिवार वाले परेशान हो जाते हैं. ऐसे समय में घर-परिवार और आसपास के लोगों से तरह-तरह की सलाह मिलने लगती है. इन्हीं में सबसे आम सलाह होती है कि डेंगू के मरीज को पपीते के पत्तों का जूस पिलाओ, इससे प्लेटलेट्स (Papaya Leaf Juice for Dengue) तेजी से बढ़ जाएंगे.
लेकिन क्या पपीते के पत्तों का जूस वाकई प्लेटलेट्स बढ़ाता है. क्या डेंगू होने पर इसे पीना जरूरी है या फिर यह सिर्फ एक पुराना घरेलू नुस्खा है, जिसे लोग सालों से सच मानते आ रहे हैं. इसी सवाल को समझने के लिए हमने फिजिशियन डॉ. शशांक से बात की.
डेंगू में प्लेटलेट्स क्यों कम हो जाते हैं?
डेंगू होने पर शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं. इनमें प्लेटलेट्स का कम होना भी आम बात है. प्लेटलेट्स हमारे शरीर में खून का थक्का जमाने में मदद करते हैं. इसलिए इनकी संख्या कम होने पर मरीज और परिवार दोनों को डर लगने लगता है.
हालांकि, डेंगू में सिर्फ प्लेटलेट्स का नंबर देखकर ही मरीज की हालत का अंदाजा नहीं लगाया जाता. डॉक्टर मरीज के लक्षण, ब्लीडिंग और बाकी जांच रिपोर्ट को भी देखते हैं.
Papaya Leaf Juice for Dengue: पपीते के पत्तों का जूस क्यों चर्चा में रहता है?
डेंगू के दौरान पपीते के पत्तों का जूस पीने की सलाह काफी समय से दी जाती रही है. लोगों का मानना है कि इससे प्लेटलेट्स बढ़ सकते हैं. सोशल मीडिया और घर-परिवार में भी इस नुस्खे को लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं. डेंगू की रिपोर्ट में प्लेटलेट्स कम आते ही कई लोग दवा और डॉक्टर की सलाह के साथ पपीते के पत्तों का जूस भी शुरू कर देते हैं.
क्या पपीते के पत्ते सच में प्लेटलेट्स बढ़ाते हैं?
डॉ. शशांक के मुताबिक, पपीते के पत्तों को लेकर कुछ रिसर्च जरूर हुई हैं. इनमें प्लेटलेट्स बढ़ने के कुछ संकेत मिले हैं. लेकिन अभी तक इतने मजबूत वैज्ञानिक सबूत मौजूद नहीं हैं कि पपीते के पत्तों के जूस को डेंगू का इलाज या प्लेटलेट्स (Papaya Leaf Juice for Dengue) बढ़ाने का पक्का तरीका माना जाए. यानी यह कहना सही नहीं होगा कि पपीते के पत्तों का जूस पीते ही प्लेटलेट्स तेजी से बढ़ जाएंगे. हर मरीज पर इसका असर एक जैसा हो, यह भी जरूरी नहीं है.
प्लेटलेट्स कम हों तो सिर्फ नंबर देखकर न घबराएं
डेंगू में प्लेटलेट्स कम होना आम बात हो सकती है. इसलिए हर बार प्लेटलेट्स कम होने पर घबराना जरूरी नहीं है. डॉक्टर मरीज की पूरी स्थिति देखते हैं और जरूरत के हिसाब से जांच और निगरानी करते हैं.
खासकर अगर मरीज को नाक या मसूड़ों से खून आ रहा हो, उल्टी या मल में खून दिख रहा हो, पेट में तेज दर्द हो, लगातार उल्टी हो रही हो या मरीज बहुत ज्यादा कमजोर और बेचैन महसूस कर रहा हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
डेंगू में डॉक्टर की सलाह सबसे जरूरी
डेंगू होने पर घरेलू नुस्खों के भरोसे रहना सही नहीं है. मरीज को पर्याप्त आराम और तरल पदार्थ देना जरूरी हो सकता है और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उसकी निगरानी करनी चाहिए. इसलिए अगर किसी को डेंगू हो गया है और प्लेटलेट्स कम हैं, तो सिर्फ पपीते के पत्तों का जूस पिलाकर निश्चिंत न हो जाएं.
यह भी पढ़ें: वर्कआउट में खूब पसीना आया, फिर भी नहीं घटा फैट? जानें असली वजह
The post Platelets कम होते ही पिलाते हैं पपीते के पत्तों का जूस, लेकिन क्या वाकई है इसका फायदा? डॉक्टर ने बताया सच appeared first on Prabhat Khabar.


