
Helmet Cleaning Tips: बारिश के मौसम में हेलमेट पहनना सुरक्षा के लिए जरूरी है, लेकिन इस दौरान हेलमेट के अंदर बदबू आना एक आम समस्या बन जाती है. बारिश की नमी, पसीना और हेलमेट का ठीक से सूख न पाना बैक्टीरिया और फंगस को बढ़ावा देता है. इसकी वजह से हेलमेट से तेज स्मेल आने लगती है. अगर समय पर सफाई न की जाए, तो यह सिर की त्वचा और बालों से जुड़ी परेशानियों का कारण भी बन सकता है. कुछ आसान तरीकों को अपनाकर हेलमेट को साफ और फ्रेश रखा जा सकता है.
हेलमेट के पैड और लाइनर की करें सफाई
अगर आपके हेलमेट का अंदर वाला पैड या लाइनर निकल जाता है, तो उसे हल्के साबुन या शैंपू मिले गुनगुने पानी से धो लें. अच्छी तरह सूखने के बाद ही दोबारा लगाएं. अगर पैड गीला ही लगा दिया जाए, तो बदबू और बढ़ सकती है. जिन हेलमेट में लाइनर नहीं निकलता, उन्हें हल्के गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें और बाद में सूखे कपड़े से नमी पोंछ दें.
भीगा हेलमेट तुरंत स्टोर न करें
अगर बारिश में हेलमेट भीग गया है, तो उसे तुरंत बैग, अलमारी या बाइक की डिक्की में न रखें. पहले उसे खुली और हवादार जगह पर पूरी तरह सूखने दें. इससे नमी नहीं रुकेगी और बैक्टीरिया पनपने का खतरा कम होगा. हालांकि, हेलमेट को लंबे समय तक तेज धूप में रखने से भी बचें, क्योंकि इससे उसकी बाहरी परत और अंदर की फोम खराब हो सकती है.
सैनिटाइजर स्प्रे का करें इस्तेमाल
हेलमेट के अंदर की बदबू कम करने के लिए हेलमेट सैनिटाइजर स्प्रे का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर यह उपलब्ध न हो, तो हल्का एंटीबैक्टीरियल स्प्रे भी सीमित मात्रा में उपयोग कर सकते हैं. लेकिन तेज खुशबू वाले परफ्यूम या डियोड्रेंट सीधे हेलमेट के अंदर स्प्रे न करें, क्योंकि इससे अंदर की फोम को नुकसान पहुंच सकता है.
सिर और बालों की सफाई भी है जरूरी
हेलमेट पहनने से पहले बालों और सिर को साफ रखें. गीले बाल या ज्यादा पसीने के साथ हेलमेट पहनने से उसके अंदर नमी बनी रहती है. चाहें तो कॉटन का हेलमेट कैप पहन सकते हैं. यह पसीना सोख लेता है और हेलमेट का लाइनर जल्दी गंदा नहीं होता.
हर हफ्ते करें हेलमेट की जांच
अगर आप रोज हेलमेट पहनते हैं, तो सप्ताह में कम से कम एक बार उसकी सफाई जरूर करें. साथ ही समय-समय पर पैड की स्थिति भी देखें/ अगर पैड बहुत पुराने हो गए हैं, फट गए हैं या लगातार बदबू कर रहे हैं, तो उन्हें बदल देना ही बेहतर है.
यह भी पढ़ें: बारिश का पानी घर में आने से हैं परेशान? आज ही अपनाएं ये ट्रिक्स

