अभिनेता सैफ अली खान इन दिनों अपनी एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चाओं में हैं। दरअसल, एक हालिया इंटरव्यू के दौरान जब ‘फ्री फलस्तीन’ नारे का जिक्र आया, तो सैफ अली खान हंसने लगे। ऑनलाइन वायरल हो रहे इस वीडियो की शुरुआत तब हुई जब इंटरव्यूवर ने स्पैनिश एक्टर जेवियर बार्डम के एक पसंदीदा कोट (कथन) का ज़िक्र किया। कोट पूरा होने से पहले ही सैफ ने बीच में ही पूछा, ‘क्या यह ‘फ्री फलस्तीन’ है?’ इसके बाद ही दोनों लोग हंसने लगे। अब ये वीडियो तेजी से वायरल है।
लोगों ने की सैफ की आलोचना
हालांकि, बाद में होस्ट की ओर से स्पष्ट किया गया कि उस कोट का फलस्तीन से कोई लेना-देना नहीं था। इस क्लिप पर दर्शकों की तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। कई लोगों ने इस बातचीत की आलोचना की है और सवाल उठाया है कि फलस्तीनियों के दुख-दर्द से जुड़े नारे को मजाक का विषय क्यों बनाया गया?
आलोचकों का कहना है कि फ्री फलस्तीन वाक्यांश मानवाधिकारों, नागरिकों की सुरक्षा और हिंसा को खत्म करने की मांग का प्रतीक बन गया है। उनका तर्क है कि ऐसी बातचीत के दौरान हंसना असंवेदनशील व्यवहार है, खासकर ऐसे समय में जब गाजा में मानवीय स्थिति दुनिया भर के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
सोशल मीडिया के एक यूजर ने लिखा: ‘यह हंसने की बात नहीं है। लोग तकलीफ झेल रहे हैं और आम परिवारों के दुख को मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए।’ एक अन्य कमेंट करने वाले ने कहा: ‘जब मानवीय पीड़ा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही हो, तो एक पब्लिक फिगर की जिम्मेदारी है कि वह सहानुभूति दिखाए।’


