अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (12 जुलाई 2026) को अपने करीबी सहयोगी और रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि ग्राहम उन सबसे महान लोगों और सीनेटरों में से एक थे जिन्हें वह जानते थे. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक इमोशनल मैसेज शेयर किया. उन्होंने लिखा कि लिंडसे ग्राहम हमेशा देश के लिए काम करते रहते थे और एक सच्चे अमेरिकी देशभक्त थे. ट्रंप ने कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.
अपने मैसेज में ट्रंप ने लिखा कि सीनेटर लिंडसे ग्राहम उन सबसे महान लोगों और सीनेटरों में से एक थे, जिन्हें मैं जानता हूं. वह हमेशा काम करते रहते थे और एक सच्चे अमेरिकी देशभक्त थे. उनकी बहुत याद आएगी. यह बहुत दुखद है. इससे पहले ग्राहम के ऑफिस ने एक बयान जारी कर उनके मौत की पुष्टि की. बयान में कहा गया कि शनिवार 11 जुलाई की शाम को एक छोटी और अचानक आई बीमारी के कारण उनका निधन हो गया.
President Donald J. Trump on the passing of Senator Lindsey Graham: pic.twitter.com/m2Mb5m1EKz
— The White House (@WhiteHouse) July 12, 2026

ये भी पढ़ें: US-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद एक्टिव हुआ पाकिस्तान, डार ने अराघची को घुमाया फोन, बोले – ‘एकमात्र रास्ता…’
अमेरिकी सीनेट नेता ने क्या कहा?
अमेरिकी सीनेट के बहुमत नेता जॉन थ्यून ने भी ग्राहम को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने उन्हें अपना मित्र और सहयोगी बताते हुए कहा कि ग्राहम पूरी दुनिया में स्वतंत्रता और लोकतंत्र के सपोर्टर रहे. थ्यून ने कहा कि अमेरिकी एयरफोर्स और कांग्रेस में उनकी लंबी सेवा ने उन्हें दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंचाया. वह अमेरिका के मजबूत सपोर्टर थे और दुनिया भर के स्वतंत्र देशों के साथ मजबूती से खड़े रहते थे. उनका मानना था कि अमेरिका दुनिया में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और उन्होंने अपना पूरा जीवन इसी उद्देश्य के लिए समर्पित कर दिया. जॉन थ्यून ने कहा कि दक्षिण कैरोलिना के वरिष्ठ सीनेटर के रूप में ग्राहम ने अपने राज्य के लोगों के लिए पूरी निष्ठा से काम किया. वह कई नेताओं के भरोसेमंद सलाहकार रहे और कई अमेरिकी राष्ट्रपतियों और विश्व नेताओं ने उनकी सलाह पर भरोसा किया. उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, राष्ट्रीय सुरक्षा और दक्षिण कैरोलिना के विकास में ग्राहम का योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
अमेरिकी सीनेट के लिए कब चुने गए थे लिंडसे ग्राहम?
लिंडसे ग्राहम साल 2002 में अमेरिकी सीनेट के लिए चुने गए थे. उन्होंने दक्षिण कैरोलिना का प्रतिनिधित्व करते हुए दो दशक से अधिक समय तक अमेरिकी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वह राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और रक्षा मामलों पर रिपब्लिकन पार्टी की प्रमुख आवाज़ों में गिने जाते थे. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ग्राहम के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इजरायल ने अपना एक सबसे बड़ा मित्र खो दिया है. नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह और उनकी पत्नी सारा ग्राहम के निधन से बेहद दुखी हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई मुलाकात में उन्होंने ग्राहम को इजरायल का सबसे बड़ा मित्र बताया था.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की का बयान
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने भी ग्राहम को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने उन्हें स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सच्चा रक्षक बताया. ज़ेलेंस्की ने कहा कि ग्राहम यूक्रेन के मजबूत समर्थक थे और उन्होंने लगातार यूक्रेन के लिए अमेरिकी समर्थन की वकालत की. उन्होंने कहा कि हाल के सप्ताहों में ग्राहम ऐसी महत्वपूर्ण पहलों पर काम कर रहे थे जो रूस-यूक्रेन संघर्ष में शांति लाने में मदद कर सकती थीं. ज़ेलेंस्की ने कहा, “लिंडसे ग्राहम स्वतंत्रता और उन मूल्यों के सच्चे रक्षक थे जो दुनिया को सुरक्षित बनाते हैं. उन्होंने यूक्रेन के लिए लगातार समर्थन दिया और हमारे लोगों तथा सैनिकों के साहस की सराहना की. इसके लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे.”
ये भी पढ़ें: 500% टैरिफ लगाने से बर्बाद करने की धमकी तक, ट्रंप के करीबी लिंडसे ने कब-कब भारत के खिलाफ उगला जहर