Sugar Craving Control Tips: मीठा खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है. लेकिन अगर दिन में कई बार चॉकलेट, मिठाई, केक या मीठी चाय-कॉफी पीने का मन करता है, तो यह सिर्फ आदत ही नहीं बल्कि शुगर क्रेविंग भी हो सकती है. जरूरत से ज्यादा चीनी खाने से वजन बढ़ने, डायबिटीज, दांतों की समस्या और शरीर में सुस्ती जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. कुछ आसान आदतें अपनाकर शुगर क्रेविंग (Sugar Craving Control Tips) को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
आखिर क्यों होती है शुगर क्रेविंग?
जब बॉडी को पर्याप्त न्यूट्रिशन नहीं मिलता या लंबे समय तक भूखे रहते हैं, तो ब्लड शुगर लेवल तेजी से गिर सकता है. ऐसे में दिमाग तुरंत एनर्जी के लिए मीठी चीजों की मांग करता है. इसके अलावा स्ट्रेस, कम नींद, डिहाइड्रेशन और मीठा खाने की पुरानी आदत भी इसकी वजह बन सकती है.

1. दिन की शुरुआत प्रोटीन वाले नाश्ते से करें
अगर सुबह सिर्फ चाय और बिस्किट पर दिन की शुरुआत करते हैं, तो थोड़ी देर बाद फिर से भूख लग सकती है. इसलिए नाश्ते में अंडा, पनीर, दही, स्प्राउट्स, बेसन चीला, मूंग दाल चीला या ओट्स जैसी चीजें शामिल करें. इससे पेट लंबे समय तक भरा रहेगा और मीठा खाने की इच्छा भी कम होगी.
2. लंबे समय तक खाली पेट न रहें
कई लोग वजन घटाने के चक्कर में घंटों कुछ नहीं खाते. इससे अचानक शुगर क्रेविंग बढ़ सकती है. कोशिश करें कि हर 3 से 4 घंटे में कुछ हेल्दी खाएं. फल, भुना चना, मखाना, ड्राई फ्रूट्स या दही जैसे हेल्दी स्नैक्स अच्छे ऑप्शन हैं.
3. पर्याप्त पानी पिएं (Sugar Craving Control Tips)
कई बार प्यास को भी शरीर भूख समझ लेता है. जब भी अचानक मीठा खाने का मन करे, पहले एक गिलास पानी पिएं. कई बार सिर्फ पानी पीने से ही क्रेविंग कम हो जाती है.
4. मीठे की जगह हेल्दी ऑप्शन चुनें
अगर मीठा खाने का बहुत मन हो रहा है, तो चॉकलेट या मिठाई की बजाय फल खाएं. केला, सेब, पपीता, संतरा या बेरीज जैसे फल नेचुरल स्वीट्स देते हैं और शरीर को जरूरी विटामिन व फाइबर भी मिलते हैं.
5. अच्छी और पूरी नींद लें
कम नींद लेने से भूख बढ़ाने वाले हार्मोन असंतुलित हो सकते हैं. इसका असर यह होता है कि मीठा और जंक फूड ज्यादा खाने का मन करता है. रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करें.
6. स्ट्रेस को कंट्रोल करें (Sugar Craving Control Tips)
तनाव होने पर कई लोग बार-बार मीठा खाने लगते हैं. इसे इमोशनल ईटिंग भी कहा जाता है. ऐसे समय में गहरी सांस लें, थोड़ी देर टहलें, योग करें या अपनी पसंद का कोई काम करें. इससे मन भी शांत रहेगा और क्रेविंग भी कम होगी.
यह भी पढ़ें: वर्कआउट में खूब पसीना आया, फिर भी नहीं घटा फैट? जानें असली वजह

