Intermittent Fasting: आजकल वजन घटाने और फिट रहने के लिए इंटरमिटेंट फास्टिंग काफी पॉपुलर हो गई है. सोशल मीडिया से लेकर फिटनेस एक्सपर्ट्स तक, हर जगह इसकी चर्चा होती है. लेकिन क्या यह तरीका हर किसी के लिए सही है? इंटरमिटेंट फास्टिंग कुछ लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जबकि कुछ लोगों को इसे अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
आखिर क्या है इंटरमिटेंट फास्टिंग?
इंटरमिटेंट फास्टिंग कोई डाइट नहीं, बल्कि खाने का एक तरीका है. इसमें यह तय किया जाता है कि आपको कब खाना है और कब नहीं. सबसे ज्यादा अपनाया जाने वाला तरीका 16:8 है. यानी 16 घंटे का उपवास और 8 घंटे के भीतर अपनी सभी मील्स लेना. इसके अलावा 14:10 और 12:12 जैसे पैटर्न भी कई लोग अपनाते हैं.

किन लोगों के लिए हो सकती है फायदेमंद?
अगर आप पूरी तरह हेल्दी हैं और वजन कम करना चाहते हैं, तो इंटरमिटेंट फास्टिंग आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. सही तरीके से अपनाने पर यह बार-बार स्नैकिंग की आदत कम करने, कैलोरी कंट्रोल करने और वजन घटाने में मदद कर सकती है.
कुछ लोगों को इससे पाचन बेहतर होने और शरीर हल्का महसूस होने का अनुभव भी होता है. हालांकि, इसके अच्छे परिणाम तभी मिलते हैं जब फास्टिंग के दौरान नहीं, बल्कि खाने की विंडो में भी बैलेंस्ड और पौष्टिक भोजन लिया जाए.
किन लोगों को नहीं करनी चाहिए Intermittent Fasting?
हर किसी के लिए लंबे समय तक खाली पेट रहना सही नहीं होता. गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बिना डॉक्टर की सलाह के इंटरमिटेंट फास्टिंग नहीं करनी चाहिए.
अगर आपको डायबिटीज है और आप दवाइयां या इंसुलिन लेते हैं, तो भी इसे शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. इसके अलावा बहुत कम वजन वाले लोग, खानपान से जुड़ी समस्याओं (Eating Disorders) से जूझ रहे लोग, गंभीर बीमारी से उबर रहे मरीज को भी बिना एक्सपर्ट की सलाह के यह तरीका नहीं अपनाना चाहिए.

इंटरमिटेंट फास्टिंग करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- फास्टिंग के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.
- खाने की विंडो में जंक फूड की बजाय घर का संतुलित भोजन खाएं.
- प्रोटीन, फाइबर, फल, सब्जियां और साबुत अनाज को अपनी डाइट में शामिल करें.
- फास्टिंग खत्म होने के बाद एक साथ बहुत ज्यादा खाना खाने से बचें.
- अगर चक्कर, कमजोरी या ज्यादा थकान महसूस हो, तो फास्टिंग रोक दें और डॉक्टर से सलाह लें.
क्या सिर्फ Intermittent Fasting से वजन घट जाएगा?
सिर्फ फास्टिंग करने से वजन कम नहीं होता. अगर खाने के समय जरूरत से ज्यादा कैलोरी ली जाए या दिनभर फिजिकल एक्टिविटी न हो, तो इसका फायदा सीमित रह सकता है. बेहतर रिजल्ट के लिए रेगुलर एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद, स्ट्रेस कम करना और बैलेंस्ड फूड भी उतना ही जरूरी है.
यह भी पढ़ें: लाखों की पसंद बना जापानी 3-3-3 वॉकिंग फॉर्मूला, जानें क्या वाकई इससे घटता है वजन?

