‘सतलुज’ को लेकर शुरू हुई बहस के बीच अब एक और फिल्म चर्चा में आ गई है. वजह इसकी कहानी नहीं, बल्कि रिलीज से पहले सीबीएफसी की मंजूरी का इंतजार है. आइए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है.
‘सतलुज’ के बाद फिर चर्चा में एक और फिल्म
हाल ही में ज़ी5 से फिल्म ‘सतलुज’ हटाए जाने के बाद सामाजिक और ‘सेंसिटिव टॉपिक्स’ पर बनी फिल्मों के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. इसी बीच एक और विचारोत्तेजक फिल्म अब दर्शकों तक पहुंचने से पहले अपनी राह देख रही है.
‘द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस’, जिसमें काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य किरदारों में हैं, अपनी निर्धारित 24 जुलाई 2026 की वैश्विक सिनेमाघर रिलीज़ से पहले सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) की मंजूरी का इंतजार कर रही है.
ये भी पढे़ें: ‘मेरा पति है, 50 अफेयर करे मेरी प्रॉब्लम…तुझे क्या’ शिल्पा शिंदे पर भड़कीं सुनीता आहूजा

कैसे है फिल्म की कहानी
ये फिल्म आज के समय के एक बेहद गंभीर लेकिन अक्सर अनदेखे मुद्दे, खेती में कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल और उनके ह्यूमन हेल्थ पर उसके असर की बात करती है. कई साल की रिसर्च पर बनी ये फिल्म हमारी थाली तक पहुंचने वाले भोजन के पीछे छिपे खतरों को सामने लाती है और दर्शकों को ऐसे मुद्दे पर सोचने के लिए इंस्पायर करती है, जो करोड़ों लोगों के जीवन को अफेक्ट करता है.
फिल्म का टीज़र अपने अलग और सोचने पर मजबूर करने वाले विषय की वजह से पहले ही चर्चा में आ चुका है. हालांकि, सेंसर बोर्ड की मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज़ पर अभी भी इंतजार बना हुआ है.
डायरेक्टर ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर फिल्म के डायरेक्टर चेतन डीके ने कहा, ‘ये उन फिल्मों के लिए कठिन समय है, जो असहज सच्चाइयों को सामने लाने का साहस करती हैं. ‘सतलुज’ का ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटना और अब ‘द इंडिया स्टोरी’ का सीबीएफसी की मंजूरी का इंतज़ार करना, एक फिल्मकार के तौर पर बेहद दुखद है. हमारा मकसद कभी विवाद खड़ा करना नहीं रहा, बल्कि सिनेमा के माध्यम से एक महत्वपूर्ण मुद्दे को लोगों तक पहुंचाना है.
कई साल की रिसर्च और मेहनत के बाद हमारी बस यही इच्छा है कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिले. हमें उम्मीद है कि ‘द इंडिया स्टोरी’ को जल्द ही मंजूरी मिलेगी, ताकि लोग इसे देख सकें और अपनी राय स्वयं बना सकें.’
जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का डायरेक्शन चेत्तन डीके ने किया है. फिल्म की कहानी और मेकर्स सागर बी. शिंदे ने किया है. इसके सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैदाने, अनिता जाधव, विनायक सैदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराते और प्रेम जोशी शामिल हैं.
ये भी पढे़ें: करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं अंशुला कपूर के पति रोहन ठक्कर, जानिए नेटवर्थ और इनकम सोर्स
‘द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस’ 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, हालांकि, इसकी रिलीज़ सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिलने पर ही होगी.

