
Bathroom Cleaning Tips: बाथरूम की नियमित सफाई करने के बावजूद कई बार नल, वॉशबेसिन, टाइल्स या कमोड के आसपास नीले-हरे रंग के जिद्दी दाग और काई जम जाती है. ये निशान न सिर्फ बाथरूम की खूबसूरती खराब करते हैं, बल्कि लंबे समय तक नजरअंदाज करने पर इन्हें हटाना भी मुश्किल हो जाता है. अच्छी बात यह है कि इन दागों को साफ करने के लिए हमेशा महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजें भी इस काम को आसान बना सकती हैं.
नीले-हरे दाग बनने की वजह क्या है?
बाथरूम में दिखाई देने वाले नीले या हरे रंग के निशान हमेशा फफूंदी नहीं होते. अगर घर में कॉपर (तांबे) की पाइपलाइन लगी है, तो समय के साथ उसके ऑक्सीडाइज होने से ऐसे दाग बन सकते हैं. इसके अलावा लगातार नमी, पानी में मौजूद खनिज तत्व और पाइपलाइन में जंग लगने की वजह से भी टाइल्स और नलों पर ऐसे निशान दिखाई देने लगते हैं.
सफेद सिरका और बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल
जिद्दी दाग हटाने के लिए सफेद सिरका और बेकिंग सोडा का पेस्ट एक असरदार घरेलू उपाय माना जाता है. दोनों को मिलाकर पेस्ट तैयार करें और दाग वाली जगह पर 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़कर पानी से साफ कर लें. इससे जमी हुई गंदगी और दाग काफी हद तक हट सकते हैं.
नमक और नींबू भी हैं कारगर
अगर दाग ज्यादा पुराने नहीं हैं, तो नमक और नींबू का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. आधे कटे नींबू पर थोड़ा नमक लगाकर दाग वाली जगह पर धीरे-धीरे रगड़ें. नींबू का प्राकृतिक एसिड और नमक मिलकर जमे हुए निशानों को ढीला करने में मदद करते हैं, जिससे सफाई आसान हो जाती है.
बार-बार दाग बनने पर करें ये काम
यदि सफाई के कुछ दिनों बाद फिर से वही नीले-हरे निशान दिखाई देने लगें, तो इसकी वजह पानी की गुणवत्ता या पाइपलाइन की समस्या हो सकती है. ऐसे में पानी की जांच करवाना और जरूरत पड़ने पर प्लंबर से पाइपलाइन की जांच कराना बेहतर रहेगा. साथ ही बाथरूम में नमी कम रखने के लिए नहाने के बाद एग्जॉस्ट फैन चलाएं, टाइल्स पर जमा पानी को वाइपर से साफ करें और नियमित रूप से सफाई करते रहें. इससे बाथरूम लंबे समय तक साफ, चमकदार और दाग-धब्बों से मुक्त रहेगा.
यह भी पढ़ें: पोछे के पानी में डालें ये 5 किचन की चीजें, मिनटों में चमक उठेगा पूरा घर


