सुपरस्टार रजनीकांत की आगामी फिल्म ‘धर्मन’ की आज घोषणा हुई। इस दौरान रजनीकांत फिल्म के लॉन्च पर पहुंचे। यहां अपने भाषण के दौरान उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया, जो उनकी चुप्पी या उनके बोलने पर हमेशा सवाल उठाते रहते हैं। एक्टर ने कहा कि उनके बोलने और न बोलने दोनों पर ही लोगों को शिकायत रहती है।
आलोचनाओं से बचा नहीं जा सकता
75 साल के इस एक्टर ने अपने ऊपर होने वाली लगातार आलोचनाओं के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें हाल ही में यह समझ आया है कि आलोचना से बचा नहीं जा सकता। चेन्नई में हुए इस इवेंट में रजनीकांत ने कहा कि अब उन्हें भाषण देने के लिए बुलाए जाने पर हिचकिचाहट होती है, क्योंकि अक्सर उनकी बातों पर चर्चा होने लगती है।
उन्होंने कहा कि जब कोई मुझसे बोलने के लिए कहता है, तो मैं हिचकिचाने लगता हूं। क्योंकि जब भी मैं बोलता हूं, तो कोई न कोई समस्या खड़ी हो जाती है, या तो मेरे लिए या आपके लिए। अगर मैं चुप रहता हूं, तो वे मेरा मजाक उड़ाते हुए कहेंगे, ‘वह बोल क्यों नहीं रहा है? क्या उसने मुंह में कोझुकट्टई (एक मीठी चीज या मोदक) भर रखी है?’

