राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व करीबी आकाश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा राजनीतिक विस्फोट किया है। तेज प्रताप ने आकाश यादव द्वारा लगाए गए तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक लाभ लेने का एक सुनियोजित षड्यंत्र है। उन्होंने साफ कहा कि आकाश को बिहार की राजनीति में कोई नहीं पूछता था, उन्होंने एक गरीब यादव परिवार का लड़का समझकर उसे आगे बढ़ाया था, लेकिन आज वही उनके खिलाफ साजिश रच रहा है। तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सामने अपनी बात रखी और आकाश यादव के ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ से धमकी मिलने के आरोपों पर खुलकर पलटवार किया।
मेरे ही पैसों पर कटता था जीवन, मां मांगती थीं लाख-लाख रुपए
तेज प्रताप यादव ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि आकाश यादव कभी मीडिया में खुद को उनका शिष्य और उन्हें अपना गुरु बताता था। उन्होंने कहा कि आकाश यादव ने जो भी बातें कही हैं, वे पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठी हैं। उसका पूरा जीवन हमारे ही पैसों पर कटता था। उसकी मां जब-तब हमसे 5 लाख और 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद मांगती थीं। जिस लड़के को पहले कोई जानता तक नहीं था, आज वह मुझ पर आरोप लगा रहा है कि मैं लॉरेंस बिश्नोई से उसे धमकी दिलवा रहा हूँ। तेज प्रताप ने आशंका जताई कि आकाश यादव के इर्द-गिर्द रहने वाले लड़कों ने ही उसे लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फर्जी फोन किया होगा, ताकि वे तेज प्रताप को फंसा सकें।
माता-पिता को अपशब्द देने का आरोप
तेज प्रताप ने आकाश यादव और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि आकाश के गुट ने उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आकाश यादव के गुट के एक व्यक्ति ने उनके पीए मोतीलाल के नंबर पर फोन करके उनके माता-पिता यानी लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के खिलाफ भद्दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तेज प्रताप के मुताबिक, इस पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इन चार-पांच लोगों का एक पूरा गिरोह है, जो रोज रात में गर्दनीबाग में बैठता है, नशा करता है और शराब पीता है। अब यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह इन्हें रंगे हाथों नशा करते हुए गिरफ्तार करे।
छेड़ा है तो छोड़ूँगा नहीं
तेज प्रताप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इन लोगों की उनके सामने कोई राजनीतिक बिसात नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे उससे कोई मतलब नहीं था, लेकिन जब उसने मुझे छेड़ा है, तो अब मैं उसे छोड़ूँगा नहीं। यह पूरा बिहार ही नहीं बल्कि देश देखेगा। तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं उस पर सचिवालय थाना में केस करुंगा और साथ ही मान हानि का भी केस करूंगा। उन्होंने कहा कि अब मैं उसके खिलाफ हर कार्रवाई करुंगा।


