निर्माता-निर्देशक अनिक दत्ता नहीं रहे। आज बुधवार को अपने बहुमंजिला घर की छत से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। कोलकाता पुलिस ने यह जानकारी साझा की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें ढाकुरिया के पास एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने निर्देशक के घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
पुलिस ने बरामद किया सुसाइड नोट
आनंद बाजार पत्रिका के मुताबिक, पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अनिक दत्ता ने लिखा है, ‘मेरी मौत के लिए मेरे अलावा कोई और जिम्मेदार नहीं है’। खबरों के मुताबिक, पोस्टमार्टम कल यानी 28 मई को किया जाएगा। निर्देशक के करीबी सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि अनिक दत्ता कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उनकी उम्र 66 वर्ष थी। उन्होंने निधन से पांच दिन पहले ही 22 मई को अपना जन्मदिन मनाया था। खबरों के मुताबिक, छत से गिरने के बाद अनिक दत्ता को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से सांस से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।
क्या पत्नी संधि के साथ शादीशुदा जिंदगी में आई थी दरार?
निर्देशक के निधन की खबर सामने आने के बाद बंगाली सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्म और राजनीति जगत के कई लोग अस्पताल पहुंचे। निर्देशक की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी शादी संधि दत्ता से हुई। फरवरी 2022 में अनिक और संधि ने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाई थी। तब इस कपल ने दिलचस्प अंदाज में अपनी शादी की कसमें फिर से दोहराईं। उन्होंने अपने करीबी दोस्तों की मौजूदगी में पारंपरिक रस्में निभाईं। वर्ष 2025 की शुरुआत में, कुछ मीडिया की रिपोर्टों से पता चला कि कपल कानूनी तौर पर अलग होने की राह पर था। बता दें कि संधि और अनिक की एक बेटी है, जिसका नाम ओइशी है। संधि दत्ता ने अनिक की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में और कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
अनिक दत्ता का डिप्रेशन
कोलकाता पुलिस की होमिसाइड ब्रांच और गरियाहाट की स्थानीय पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। दत्ता के करीबी साथियों ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि वे लंबे समय से सांस और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के साथ-साथ गंभीर डिप्रेशन से भी जूझ रहे थे। इन बीमारियों की वजह से वे पहले भी अपने घर के अंदर गलती से गिर चुके थे। पुलिस को दत्ता की जेब से एक पर्चा मिला है, जिसमें एंटीडिप्रेसेंट दवाएं लेने की सलाह दी गई है। पुलिस ने उस दस्तावेज को जब्त कर लिया है।


