पंजाब की सियासत में खाकी का रंग नया नहीं है। पुलिस की वर्दी में कानून-व्यवस्था संभालने वाले कई अफसर सेवानिवृत्ति या सेवा छोड़ने के बाद चुनावी मैदान में उतरे। कुछ विधानसभा पहुंचे और मंत्री बने तो कुछ चुनाव हारने के बावजूद राजनीति में सक्रिय रहे। पुलिस से राजनीति में आने वालों में डीजीपी स्तर के अफसरों से लेकर उपनिरीक्षक तक शामिल हैं। खेल जगत से पुलिस में आए कई चेहरों ने भी वर्दी उतारने के बाद सियासत का रुख किया।
वर्दी से विधानसभा और मंत्रिमंडल तक
पूर्व पुलिस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने समय से पहले सेवानिवृत्ति लेकर आम आदमी पार्टी का दामन थामा और अमृतसर उत्तर से विधायक बने। पूर्व डीजीपी परमदीप सिंह गिल ने 2012 में अकाली दल के टिकट पर मोगा से चुनाव लड़ा। उन्हें 57,575 वोट मिले जबकि कांग्रेस के जोगिंदर पाल जैन 62,200 वोट लेकर विजयी रहे।