विराट कोहली ने IPL में कुछ ऐसा कर दिखाया है, जो इससे पहले कोई नहीं कर पाया. गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले क्वालीफायर मैच में इतिहास रच दिया है. 43 रन बनाते ही विराट ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने लगातार चार सीजन में 600+ रन बनाए हों. विराट इससे पहले 2023, 2024 और 2025 में भी 600 से अधिक रन बना चुके हैं.
विराट ने अब आईपीएल 2026 सीजन में 15 मैच खेलकर 600 रन बना लिए हैं. गुजरात के खिलाफ क्वालीफायर 1 में उन्होंने 25 गेंद में 43 रनों की पारी खेली. 2026 सीजन में विराट कोहली के बल्ले से एक शतक और 4 फिफ्टी आई हैं.
लगातार 4 सीजन में 600+ रन
आईपीएल के इतिहास में विराट कोहली ऐसे पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लगातार चार सीजन 600+ रन बनाए हैं. क्रिस गेल और केएल राहुल ने लगातार तीन सीजन 600 या उससे अधिक रन बनाए थे, लेकिन विराट अब उनसे आगे निकल गए हैं.
- 639 रन – IPL 2023
- 741 रन – IPL 2024
- 657 रन – IPL 2025
- 600 रन – IPL 2026
प्लेऑफ में विराट कोहली का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है. अब तक उन्होंने 18 प्लेऑफ मैच खेले हैं, जिनमें विराट 439 रन बना पाए हैं. प्लेऑफ के इतिहास में विराट के बल्ले से सिर्फ दो अर्धशतकीय पारी आई हैं. आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी वो ऐसा करने में नाकाम रहे.
यह भी एक गजब का तथ्य है कि विराट ने आईपीएल में इतने रन बना लिए हैं, जितने उन्होंने अपने पूरे टेस्ट करियर में भी नहीं बनाए. विराट ने अपने 282 मैचों के ऐतिहासिक आईपीएल करियर में 9261 रन बना लिए हैं, जबकि अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 9230 रन बनाए थे.
हर बार औसत 50+
विराट कोहली के ये आंकड़े इसलिए भी दिल खुश करने वाले हैं, क्योंकि पिछले चारों सीजन उन्होंने 50 से ज्यादा के औसत से रन बनाए हैं. 2023 में उनका औसत 53.25 का रहा था, जबकि 2024 में 61.75 के शानदार एवरेज से रन बनाए थे. पिछले सीजन 54.75 और अब आईपीएल 2026 में उन्होंने अब तक 50 से अधिक के औसत से रन बनाए हैं.
