IPL 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से हराया. हालांकि SRH को जितनी बड़ी जीत चाहिए थी, उतनी मिली नहीं इसलिए RCB हारकर भी जीत गई. क्योंकि दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह कंफर्म कर चुकी थी, ये लड़ाई तो टॉप-2 में रहने की थी.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के लीग स्टेज के सभी 14-14 मैच हो चुके हैं. RCB और GT के 18-18 अंक थे, शुक्रवार को हुए मैच में जीत दर्ज कर SRH भी 18 अंकों तक पहुंच गई. लेकिन नेट रन रेट के आधार पर हैदराबाद टॉप-2 में नहीं आ सकी.
55 रनों से बड़ी हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का नेट रन रेट गिरा तो है, लेकिन इतना नहीं कि उन्हें अपना टॉप का स्थान गंवाना पड़े. SRH को टॉप-2 में पहुंचने के लिए चाहिए था कि बेंगलुरु को 160 रनों से पहले रोक दे, लेकिन 256 के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु ने 200 रन बनाए थे.
बेंगलुरु का नेट रन रेट +0.783 का है. गुजरात टाइटंस +0.695 की नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. यानी अब क्वालीफायर-1 RCB और GT के बीच होगा. SRH +0.524 नेट रन रेट के साथ तीसरे नंबर पर है, उन्हें एलिमिनेटर मैच खेलना होगा.
यह भी पढ़ें- IPL के बीच इस भारतीय ऑलराउंडर ने लिया संन्यास, क्रिकेट को अलविदा कहकर सबको चौंकाया
IPL 2026 प्लेऑफ का नियम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-1 में जगह बनाई है. ये मैच 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा. दोनों टीमों को फाइनल में जाने के 2 मौके मिलेंगे. सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेलेगी, जिसकी दूसरी टीम का अभी फैसला नहीं हुआ है. अंक तालिका में चौथे नंबर की टीम अभी कंफर्म नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर कुमार बने सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले गेंदबाज, बनाया IPL का ‘शर्मनाक रिकॉर्ड’
आईपीएल प्लेऑफ राउंड 26 मई से शुरू हो रहा है. क्वालीफायर-1 में जीतने वाली टीम सीधा फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम क्वालीफायर-2 खेलेगी, यानी उन्हें फाइनल में जाने का दूसरा मौका मिलेगा. एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में पहुंचेगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी. क्वालीफायर-2 की विजेता टीम दूसरी फाइनलिस्ट होगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी.


