भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल अपनी जिंदगी में कई बार गलत वजहों के कारण चर्चा में रह चुके हैं. हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर खुलासा किया है. पंजाब किंग्स के चहल ने बताया कि शराब छोड़ना उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला था. उन्होंने यह खुलासा महिला क्रिकेटर हरलीन देओल के साथ ‘कैंडिड विद किंग्स’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किया. उन्होंने डिप्रेशन, मेंटल हेल्थ और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई अनुभवों को भी पॉडकास्ट में साझा किया.
शराब छोड़ना मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला
पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान हरलीन देओल ने चहल से पूछा, “आपने ड्रिंकिंग छोड़ दी, है ना?”
इस पर चहल ने कहा, “मुझे लगता है कि ये मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला है. उसको अपनी लाइफ से हटाने के बाद मैं कह सकता हूं कि मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है. अब मैं अपने परिवार और दोस्तों के साथ ज्यादा वक्त बिताता हूं. अब मुझे अपनी लाइफ में क्या चल रहा है, कौन मेरे साथ है और कौन नहीं, ये सब और ज्यादा क्लियरली समझ आता है.”
पहले बहुत सोचता था, अब खुद पर फोकस करता हूं- चहल
चहल ने बताया कि पहले वह हर चीज को लेकर बहुत ज्यादा सोचते थे, लेकिन अब उन्होंने खुद पर ध्यान देना शुरू कर दिया है. उन्होंने कहा, “पहले मैं इन सब चीजों के बारे में बहुत सोचता था, लेकिन अब मैं खुद पर फोकस करता हूं. मैं गोल्फ खेलता हूं, गो-कार्टिंग करता हूं.”
चहल ने पॉडकास्ट में हरलीन से बात करते हुए कुबूल किया कि शराब छोड़ने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी में उन्होंने कई चीजें मिस कर दी. इसपर चहल ने बताया, “मैं यूके में काउंटी क्रिकेट के लिए था, तभी मैंने सोचा कि नहीं, मुझे वापस जाना है और इस चीज को ठीक करना है. अब छह महीने से ज्यादा हो गए हैं और मैं बहुत खुश और आभारी महसूस करता हूं.”
यह भी पढ़ें- होंठ पर उंगली, शांत रहने का इशारा…, शुभमन गिल ने क्योंं किया यह कारनामा? जानिए
अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए चहल ने कहा, “जब मुझे समझ आया कि शराब मेरे लिए सही नहीं है, तब मैंने फैसला किया. ऐसा होता है न कि जब आप लिमिट से बाहर चले जाते हो, मैं भी उस स्टेज पर पहुंच गया था.”
यह भी पढ़ें- अगले साल CSK के इन 5 खिलाड़ियों की छुट्टी होना तय, 14 करोड़ से अधिक कीमत वाला प्लेयर भी शामिल
चहल ने पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए इस सीजन के 13 मैचों में अब तक 10 विकेट चटके हैं. टीम ने उन्हें आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था. पंजाब किंग्स में शामिल होने के पहले चहल राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुके हैं. कुल मिलाकर उन्होंने 187 आईपीएल मैच खेले हैं और 231 विकेट लिए हैं, जिसमें एक बार पांच विकेट भी शामिल हैं.


