
Shubman Gill Sixes Double Hundred: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ IPL 2026 के 66वें मुकाबले में खास ‘दोहरा’ शतक पूरा कर लिया है. गिल ने लंबा छक्का लगाकर यह कमाल किया. दरअसल गिल ने अपने टी20 करियर में 200 छक्के पूरे कर लिए. गुजरात के कप्तान ने छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की. इसी के साथ उन्होंने 200 छक्कों का आंकड़ा छुआ.
6000 टी20 रन भी पूरे
इसके साथ गिल ने टी20 क्रिकेट में 6000 रन भी पूरे कर लिए. उन्होंने 185 पारियों में यह कमाल किया. इसके साथ गिल टी20 क्रिकेट में 6000 रन का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के 7वें सबसे तेज बल्लेबाज बन गए. लिस्ट में विराट कोहली उनसे एक पायदान ऊपर हैं. कोहली ने 184 पारियों में यह कमाल किया था.
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 6 हजार रन (पारियों के लिहाज से)
162 पारियों में – क्रिस गेल
165 पारियों में – बाबर आजम
166 पारियों में – केएल राहुल
180 पारियों में – शॉन मार्श
180 पारियों में – डेवोन कॉनवे
184 पारियों में – विराट कोहली
185 पारियों में -शुभमन गिल
सीजन में 600 रन का आंकड़ा किया पार
गिल ने मौजूद आईपीएल सीजन में 600 रन का आंकड़ा पार कर लिया. वह इस आंकड़े को पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने. बताते चलें कि यह लगातार दूसरा आईपीएल सीजन है कि जब गिल ने लगातार 600 से ज्यादा रन बनाए हैं. पिछले यानी 2025 के आईपीएल में गिल ने 650 रन स्कोर किए थे.
प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है गुजरात
गौरतलब है कि गुजरात टाइटंस प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. टीम फिलहाल 16 प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर है. गुजरात आखिरी मैच के लिए चेन्नई के खिलाफ मैदान पर है. इस मैच में जीत हासिल करके टीम जाहिर तौर पर 18 प्वाइंट्स तक पहुंचना चाहेगी. दूसरी तरफ, अगर चेन्नई को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ता है, तो टीम डायरेक्ट एलिमिनेट हो जाएगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है.
यह भी पढे़ं: शुभमन गिल ने CSK के खिलाफ रचा इतिहास, टी20 में विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

