प्रदेश के 17 मंडल मुख्यालयों के जिलों में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती-2022 की परीक्षा 9 और 10 मई को दो पालियों में होगी। 18 विषयों के 624 पदों के लिए 4.64 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। नौ मई को प्रथम पाली में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास व शिक्षा शास्त्र विषय की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य व समाजशास्त्र की परीक्षा होगी।
10 मई को प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला विषय की परीक्षा होगी। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के कक्षों और महत्वपूर्ण स्थानों को एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन्हें जिला कंट्रोल रूम से जोड़ा जा चुका है।
आयोग के कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की कनेक्टिविटी का परीक्षण भी पूरा कर लिया गया है। प्रत्येक जिले में एक-एक प्रेक्षक तैनात रहेंगे और डीएम-एसपी स्तर के अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
ओएमआर शीट की परीक्षा कक्ष में होगी स्कैनिंग
प्रशांत कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के 10 परीक्षा केंद्रों पर हर पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की स्कैनिंग कक्ष निरीक्षक और अभ्यर्थियों की उपस्थिति में कक्ष में होगी। स्कैनिंग के बाद डाटा को सुरक्षित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आयोग इस डाटा का मिलान ओएमआर शीट से करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयोग परीक्षण के तौर पर किया जा रहा है। सफल होने पर आगामी सभी परीक्षाओं में लागू किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है।