अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बुधवार (29 अप्रैल) को फोन पर महत्वपूर्ण और लंबी बातचीत हुई. बातचीत में यूक्रेन में जारी युद्ध को रोकने के साथ ईरान तनाव को कम करने पर चर्चा हुई. राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बातचीत को ‘बहुत अच्छी और सार्थक’ करार दिया है.
क्या बोले ट्रंप?
पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि उन्होंने पुतिन को यूक्रेन युद्ध में कुछ समय के लिए सीजफायर का सुझाव दिया है. ट्रंप ने उम्मीद जताते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि पुतिन ऐसा कर सकते हैं.’ ट्रंप ने पुतिन के साथ अपने संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि वे एक-दूसरे को बहुत लंबे समय से जानते हैं, जो कूटनीतिक समाधान निकालने में मददगार साबित हो सकता है.
ईरान तनाव पर हुई चर्चा

यूक्रेन के अलावा, दोनों नेताओं ने ईरान में चल रहे तनाव और वहां के एनरिच यूरेनियम के मुद्दे पर भी बात की. पुतिन ने इस तनाव को खत्म करने के लिए रूस की ओर से मदद की पेशकश की. हालांकि, ट्रंप ने प्राथमिकता तय करते हुए पुतिन से कहा कि वह चाहेंगे कि रूसी राष्ट्रपति सबसे पहले यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर अपना फोकस करें.
ट्रंप और पुतिन के बीच हुई इस लंबी बातचीत की पुष्टि क्रेमलिन के सलाहकार यूरी उशाकोव ने की. उन्होंने बताया, दोनों नेताओं के बीच बातचीत 90 मिनट से ज्यादा समय तक चली. उन्होंने बताया कि, पुतिन ने 9 मई को मनाए जाने वाले ‘विक्ट्री डे’ के दौरान युद्धविराम घोषित करने की तैयारी दिखाई है. ट्रंप ने इस विचार का खुले तौर से समर्थन किया, क्योंकि यह दिन रूस और अमेरिका की साझा ऐतिहासिक जीत का प्रतीक है.
यह भी पढ़ें – ‘किंग चार्ल्स सहमत, अमेरिका कभी भी ईरान को…’ डोनाल्ड ट्रंप ने ये क्या कह दिया?
यूक्रेन युद्ध पर बातचीत
उशाकोव ने बताया कि डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन युद्ध की जानकारी मांगी, जिस पर पुतिन ने उन्हे बताया कि युद्ध के मैदान में रूसी सेना का पलड़ा भारी है, रूसी सैनिक सामने वाली सेना (यूक्रेन) को उनके ठिकानों से पीछे खदेड़ रहे हैं.
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को लेकर दोनों नेताओं का नजरिया एकजैसा रहा. क्रेमलिन के मुताबिक, ‘ट्रंप और पुतिन दोनों का मानना है कि यूक्रेन का मौजूदा प्रशासन तनाव को खत्म करने की बजाय उसे लंबा खींचने पर जोर दे रहा है.
यह भी पढ़ें – ‘…स्टफ्ड पिग’, ट्रंप ने जो मुहावरा इस्तेमाल किया, वो ईरान का गुस्सा 7वें आसमान पर पहुंचाएगा, कह दिया नहीं हटेगी नाकेबंदी

