पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर जंग शुरू हो गई है. स्पिन बोल्डक-चमन बॉर्डर पर दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे पर आर्टिलरी और टैंक से हमले कर रहे हैं. पाकिस्तानी सेना ने सोमवार (27 अप्रैल 2026) सुबह 11 बजे के पास कुनार विश्विद्यालय के कैंपस पर ड्रोन से हमला कर दिया, जिसमें एक प्रोफेसर और दो छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिल रही है. ऐसे में शिक्षण संस्थान पर पाकिस्तानी सेना के हमले के जवाब में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमला करना शुरू कर दिया है.
पाकिस्तानी पोस्ट पर अफगानिस्तान का सर्जिकल स्ट्राइक
पाकिस्तान ने रविवार (26 अप्रैल 2026) को भी अफगानिस्तान सेना के अंगूर अड्डा बॉर्डर पोस्ट को ड्रोन से निशाना बनाया था. इसके बाद अफगान सेना ने स्पिन बोल्डक बॉर्डर पार करके पाकिस्तानी पोस्ट पर सर्जिकल स्ट्राइक करके 4 पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया और 1 पाकिस्तानी सैनिक को बंधक बना कर अफगानिस्तान से लेकर चले गए. आधी रात चलाए गए इस ऑपरेशन में अफगान सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों के हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए थे.
अफगानिस्तान के कुनार में स्थित सैयद जमालुद्दीन अफगानी विश्विद्यालय में पाकिस्तानी सेना के हमले के बाद जान बचाने के लिए बाहर भागते बच्चे का वीडियो भी सामने आया है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, डूरंड लाइन के पास स्पिन बोल्डक इलाके में जवाबी कार्रवाई की गई.
पिछले महीने दोनों देश सीजफायर पर हुए थे सहमत

पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद के मद्देनजर 18 से 23 मार्च अस्थायी युद्ध विराम पर सहमति जताई थी, लेकिन अफगानिस्तान का आरोप है कि पाकिस्तान की सेना सीजफायर के बावजूद गोलाबारी कर रही है. अफगानिस्तान के सशस्त्र बलों के प्रमुख फसीहुद्दीन फितरत ने कई बार आरोप लगाया है कि पाकिस्तान की सेना डूरंड लाइन पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है.
जब अफगानिस्तान ने आम नागरिकों पर हमले को लेकर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर घेरा तो पाकिस्तान ने कहा कि उसने किसी नागरिक ठिकाने को नहीं, बल्कि सैन्य ढांचे और ‘आतंकी इन्फ्रास्ट्रक्चर’ को निशाना बनाया था. अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने हाल ही में कहा था कि पाकिस्तानी हमले में 408 से अधिक लोग मारे गए और 260 से ज्यादा घायल हुए, जिनमें अधिकांश नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे मरीज थे.
ये भी पढ़ें : ‘मेरे देश से निकल जाओ’, कनाडा में सिख संग बदसलूकी के बाद मचा बवाल, जानें क्या है मामला

