CGBSE छत्तीसगढ बोर्ड 10वीं और 12वीं क्लास के नतीजे जल्द आ सकते हैं। (Image source : Digilocker Banner)
छत्तीसगढ़ बोर्ड (CGBSE) 10वीं और 12वीं के नतीजे जल्द ही आ सकते हैं। सरकारी पोर्टल डिजिलॉकर पर आगामी बोर्ड परीक्षा रिजल्ट से जुड़े बैनर से इसके संकेत मिल रहे हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक हाईस्कूल यानी 10वीं क्लास (CGBSE High School 10th Main Exam Result Year 2026) और हायर सेकेंडरी 12वीं (CGBSE Higher Secondary 12th Main Exam Result Year 2026) के रिजल्ट जारी करने की तारीख और समय की घोषणा नहीं की गई है।
बीते कुछ सालों के पैटर्न को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि बोर्ड इन महीने के अंत तक या मई के पहले हफ्ते में रिजल्ट जारी कर सकता है। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र इसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर देख सकेंगे। इस साल से छात्र डिजिलॉकर रिजल्ट पोर्टल results.digilocker.gov.in पर भी अपने परिणाम देख पाएंगे। रिजल्ट देखने के लिए बोर्ड परीक्षा रोल नंबर और अन्य डिटेल की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में इस साल 20 फरवरी से 18 मार्च के बीच हुई मेन बोर्ड परीक्षा में बैठे बच्चे एडमिट कार्ड अपने पास तैयार रखना चाहिए।
बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से 13 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से 12:15 बजे तक चलीं, जिसमें छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए शुरुआत में 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया था।
राज्य में 10वीं की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद 16 मार्च से कॉपियों की जांच शुरू की गई थी, जो अब पूरी हो चुकी है। वहीं, 14 मार्च 2026 को आयोजित CGBSE कक्षा 12वीं के हिंदी पेपर पर विवाद होने के बाद बोर्ड ने इसकी दोबारा परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को कराई थी। इस परीक्षा की कॉपियों की जांच भी पूरी कर ली गई है। ऐसे में बोर्ड अब कभी भी नतीजों का ऐलान कर सकता है।
CGBSE 10th 12th class Result 2026 : बीते साल कब-कब आए नतीजे?
पिछले साल छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे 7 मई को घोषित किए थे। बोर्ड की परीक्षाएं 3 मार्च से 24 मार्च 2025 के बीच आयोजित की गई थीं। इस परीक्षा में कुल पास परसेंटेज 76.53 रहा था। लगभग 3,23,094 छात्रों ने 10वीं क्लास की परीक्षा दी थी, जिनमें से 2,45,913 छात्र सफल घोषित हुए थे। वहीं कक्षा 12वीं की बात करें तो कुल पास परसेंटेज 81.87 रहा था। इस परीक्षा में 2,38,626 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 1,94,906 छात्रों ने सफलता हासिल की थी। 2025 में कक्षा 12वीं में कांकेर के अखिल सेन ने टॉप किया था।
अगर 2024 की बात करें तो छत्तीसगढ़ बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों के नतीजे 9 मई को जारी किए थे। उस साल कक्षा 10वीं का कुल पास परसेंटेज 75.64% रहा था और करीब 3 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में सिमरन शब्बा ने 99.50% अंकों के साथ टॉप किया था। वहीं कक्षा 12वीं में 87.04% बच्चे पास हुए थे। इस परीक्षा में कुल 2,58,704 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 2,08,789 बच्चों ने परीक्षा पास की थी। कक्षा 12वीं में मेहक अग्रवाल ने 97.40% अंकों के साथ टॉप किया था। अगर 2023 और 2022 की बात करें तो छत्तीसगढ़ बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम क्रमशः 10 मई 2023 और 14 मई 2022 को जारी किए थे।
संबंधित खबरें
Author
आर्टिकल की समाप्ति
