आईपीएल 2026 मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं गुजर रहा है. टीम लगातार चार मैच हार गई है. हर तरफ कप्तान हार्दिक पांड्या की आलोचना भी होने लगी है. गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस 195 रन डिफेंड नहीं कर सकी. लगातार चौथी हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि अब कुछ कड़े फैसले लेने का समय आ गया है. यहां जानें पंजाब के खिलाफ हार के बाद मुंबई के कप्तान ने क्या कुछ कहा.
मुंबई इंडियंस ने पहले खेलने के बाद 195 रन बनाए थे. जवाब में पंजाब किंग्स ने 17वें ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया. इस हार के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है. हमें बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं. चाहे वो व्यक्तिगत खिलाड़ी हों, टीम हो, या हमारी रणनीति और काम करने का तरीका हो. इसे फिर से ठीक करना होगा.
हार्दिक पांड्या ने अप्रत्यक्ष रूप से इस हार का जिम्मेदार सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को ठहराया. उन्होंने कहा, “अब हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है या फिर हमें इसी तरह आगे बढ़ते हुए हालात को पलटने की कोशिश करनी चाहिए. हमें अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी.”
मुंबई के कप्तान ने पंजाब किंग्स को जीत का श्रेय देते हुए कहा, “पंजाब किंग्स को इसका श्रेय जाता है. गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी. दूसरी पारी में ओस भी गिरी. उन्होंने हमें हरा दिया. उनकी गेंदबाजी और फील्डिंग हमसे बेहतर रही.”
बता दें कि मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ आईपीएल 2026 का आगाज किया था, लेकिन इसके बाद वो लगातार चार मैच हारी है. अब प्वाइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस पांच मैचों में एक जीत के साथ 9वें स्थान पर है.

