बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में हैं. 17 अप्रैल 2026 को रिलीज हो रही इस फिल्म में एक बार फिर से दर्शकों को हॉरर-कॉमेडी का तड़का देखने को मिलेगा. इसी बीच उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है, जो उनके करियर के शुरुआती दिनों का है और अपने पहले घर का सपना देख रहे थे. इस बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे उनकी मां अरुणा भाटिया की सोच ने उनके नजरिए को पूरी तरह बदल दिया.
2 बीएचके फ्लैट लेना चाहते थे अक्षय
अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान अक्षय ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार घर खरीदने के बारे में सोचा, तो उनका सपना बहुत छोटा था. वो अपने पैसों से एक छोटा सा 2 बीएचके फ्लैट लेना चाहते थे, जो उस समय उनके लिए बहुत बड़ी बात थी. लेकिन उनकी मां ने कहा कि छोटा सोचने के बजाय बड़ा सोचना चाहिए. शुरुआत में अक्षय को ये बात समझ नहीं आई, क्योंकि उनके हिसाब से वो सपना सही था, जो वो पूरा कर सकते थे. लेकिन मां की बातों ने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया और उन्होंने 5 बीएचके घर का सपना देखना शुरू किया.
अक्षय ने यह भी बताया कि उनकी मां हमेशा कहती थीं कि पहला घर अपने दिल के लिए होना चाहिए, सिर्फ इन्वेस्टमेंट के लिए नहीं. उनका मानना था कि इंसान को अपना पहला घर ऐसा लेना चाहिए, जिसमें उसका सपना और मेहनत साफ दिखाई दे. अक्षय ने माना कि अगर उनकी मां उन्हें इस तरह से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित नहीं करती, तो शायद वो इतनी बड़ी सोच नहीं रख पाते.
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट
बता दें कि अक्षय कुमार की नई फिल्म ‘भूत बंगला’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है. फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों ने बहुत पसंद किया है और 14 साल बाद प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी को दोबारा देखने के लिए भी बहुत उत्सुक है. फिल्म में कई कलाकार नजर आएंगे, जिनमें अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और गोवर्धन असरानी शामिल है. इसके अलावा अक्षय अपनी एक और फिल्म ‘हैवान’ में भी दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ सैफ अली खान लीड रोल में होंगे. इस फिल्म को भी प्रियदर्शन ही डायरेक्ट कर रहे है.

