हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे रैली के बाद हुए शुद्धिकरण मामले में महिला अधिवक्ता अंजू की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने हवल करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे की शंखनाद रैली के बाद कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में शुद्धिकरण हवन कराया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एससी समाज से आते हैं और हवन करके जातिगत भावनाओं को आहत किया गया है।
ये पढ़ें- हल्द्वानी: हंडोरे की चेतावनी, कहा- शुद्धिकरण मामले में नहीं हुई कार्रवाई तो राज्य के बड़े अधिकारी होंगे पेश
मामले में महिला अधिवक्ता अंजू ने 15 अगस्त को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस जांच का हवाला देती रही और प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। बंगलुरू में जीरो प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नैनीताल पुलिस ने महिला अधिवक्ता की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट समेत आईटी एक्ट की धारा में भी मामला दर्ज किया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच हल्द्वानी सीओ अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है। जल्द आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।