महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता योगेश जाधव को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा नागपुर स्नातक सीट से सुधाकर विट्ठलराव कोहले को टिकट दिया गया है। वहीं, पुणे शिक्षक सीट से कौस्तुभ मुरलीधर गावडे चुनाव लड़ेंगे।
कौन हैं भाजपा के उम्मीदवार?
भाजपा ने इस बार स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के बीच पकड़ रखने वाले चेहरों पर दांव लगाया है। पुणे स्नातक सीट से डॉ. स्मिता जाधव शिक्षित वर्ग और महिला मतदाताओं के बीच अच्छी पकड़ रखती हैं। वहीं, नागपुर से सुधाकर कोहले एक अनुभवी और संगठन से जुड़े पुराने नेता माने जाते हैं।
भाजपाच्या केंद्रीय निवडणूक समितीने महाराष्ट्रात होणाऱ्या पदवीधर आणि शिक्षक मतदारसंघांच्या विधान परिषद निवडणूक २०२६ साठी पुढील नावांना आपली मंजुरी दिली आहे. #BJP #Maharashtra https://t.co/1rKYjCeoK9
— भाजपा महाराष्ट्र (@BJP4Maharashtra) October 4, 2026
पुणे शिक्षक सीट पर कौस्तुभ गावडे को उतारकर पार्टी ने शिक्षक समुदाय को साधने की कोशिश की है। बता दें कि महाराष्ट्र विधान परिषद की इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक मतदाता ही मतदान करते हैं, इसलिए इन चुनावों में उम्मीदवार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और शिक्षक संगठनों में पकड़ काफी मायने रखती है। भाजपा ने उसी रणनीति के तहत इन नामों का चयन किया है।
सत्तारूढ़ महायुति में सीट बंटवारा
सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने इन चुनावों के लिए 3:1:1 का सीट बंटवारा फॉर्मूला तय किया है। महायुति में भाजपा के अलावा एकनाथ शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है। तय फॉर्मूले के तहत भाजपा तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि एनसीपी और शिवसेना एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगी।
महाराष्ट्र में महायुति सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा विधान परिषद चुनाव है, इसलिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। जल्द ही पार्टी इन सीटों पर प्रचार अभियान भी तेज करेगी। महाराष्ट्र में विधान परिषद की पांच सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं।
इनमें पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर संभाग स्नातक और अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्तूबर को की जाएगी।

