बॉलीवुड के पॉपुलर सिंगर और कंपोजर प्रीतम इन दिनों चर्चा में आ गए हैं. 14 जून को उन्होंने अपना 55वां बर्थडे सेलिब्रेट किया. इसी बीच आज उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की, साथ ही कैप्शन में लंबा नोट लिखा. हालांकि, उनके इस नोट ने उनके सभी फैंस को हैरान कर दिया है.
नए सफर पर जाना चाहते हैं प्रीतम
बर्थडे पर मिली शुभकानाओं के लिए प्रीतम ने सभी का आभार जताया और इंस्टाग्राम पर 3 ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर की. साथ ही लिखा, ‘आप सभी की शुभकामनाओं के लिए दिल से धन्यवाद. मैं हर व्यक्ति को अलग-अलग जवाब नहीं दे सकता, लेकिन आप सभी का मैं सच्चे दिल से आभारी हूं. आज मैंने खुद को एक खास तोहफा देने का फैसला किया है. मैं आने वाले कुछ साल अपनी जिंदगी को एक अलग तरीके से जीना चाहता हूं और उन चीजों के लिए समय निकालना चाहता हूं, जो अब तक किसी वजह से पीछे छूट गई थीं.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘अब उन नई यात्राओं पर निकलने का समय आ गया है, जिन्हें मैंने लंबे समय से टालकर रखा हुआ था. मेनस्ट्रीम म्यूजिक का सफर मेरे लिए शानदार और यादगार रहा है, लेकिन मुझे हमेशा उन रास्तों को तलाशने की उत्सुकता रही है, जिन पर मैं अब तक नहीं चला हूं. आप सभी ने मुझे जो प्यार, सम्मान और समर्थन दिया है, उसके लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा. धन्यवाद… हमेशा.’
फैंस के बीच मची हलचल
उनके इस कैप्शन ने फैंस के बीच हलचल मचा दी है. कमेंट में एक यूजर ने लिखा, ‘पहले अरिजीत और अब आप… आप दोनों का मेनस्ट्रीम म्यूजिक से दूर होना सच में दुखद है. हमारे पसंदीदा और महान कलाकारों को मेनस्ट्रीम दुनिया को अलविदा कहते देखना आसान नहीं है. प्रीतम दादा, आपने हमें इतने शानदार गाने दिए, इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं!’ वहीं एक और ने लिखा, ‘मुझे लगता है कि आप भी म्यूजिक इंडस्ट्री से ब्रेक लेने वाले हैं. प्रीतम के नए गाने बहुत याद आएंगे, खासकर अरिजीत सिंह और प्रीतम की शानदार जोड़ी. आप दोनों के गानों ने हमेशा दिल को छुआ है और आने वाले समय में इन्हें जरूर मिस किया जाएगा.’


पहले भी ले चुके हैं ब्रेक
हालांकि ये पहली बार नहीं है, जब प्रीतम ने ब्रेक की बात की हो. इससे पहले भी ‘मेट्रो… इन दिनों’ की रिलीज के समय उन्होंने कहा था कि वो कमर्शियल म्यूजिक से पीछे हटना चाहते हैं क्योंकि उनके बच्चे पढ़ाई के लिए अमेरिका जा रहे हैं और वो उनके साथ टाइम स्पेंड करना चाहते हैं. इसके अलावा मई में भी उन्होंने कहा था कि वो अरिजीत की तरह ब्रेक लेना चाहते हैं क्योंकि वो काम और डेडलाइन से थक चुके हैं.
3-4 साल के लिए लेंगे ब्रेक
स्क्रीन के साथ बातचीत में प्रीतम ने कहा था, ‘ऐसा लगा जैसे मेरा शरीर मुझे धन्यवाद दे रहा हो कि मैंने कुछ समय के लिए काम से दूरी बनाई है. शुरुआत में ये मुश्किल था, लेकिन बाद में मुझे अच्छा लगने लगा. अब मैं पूरी तरह तय कर चुका हूं कि मैं लंबा ब्रेक लूंगा. पिछले एक साल से मैं अपने दोस्तों को अपने रिटायरमेंट की बात बता रहा हूं. सच तो ये है कि इंडस्ट्री आपको तब भी रिटायर नहीं होने देती, जब आप खुद रिटायर होना चाहते हैं.’ वहीं उन्होंने 2014 और 2017 तक 6 से 8 महीने का ब्रेक लिया था. लेकिन अब वो 3-4 साल के लिए ब्रेक लेना चाहते हैं.
आने वाले प्रोजेक्ट्स
वहीं बात करें काम की, तो उन्होंने बताया कि उनके पास अभी कई प्रोजेक्ट्स है और करीब 10 एल्बम पर काम कर रहे हैं. इनमे से कुछ से वो बाहर निकलना चाहते हैं और कुछ का काम पूरा हो चुका है. वहीं वो निर्देशक कबीर खान की अगली फिल्म, विक्रमादित्य मोटवाने की ‘दादा’ (सौरव गांगुली की बायोपिक) और अनुराग बसु की आने वाली फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसमें कार्तिक आर्यन और श्रीलीला लीड रोल में हैं.
