छठ की आस्था अब सिर्फ घाटों तक सीमित नहीं रहने वाली. बिहार के इस महापर्व की भक्ति और परंपरा पहली बार हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर एक अलग अंदाज में नजर आने वाली है. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द व्वान’ जल्द ही रिलीज होने वाली है. इस फिल्म का नया गाना ‘छठी मैया’ रिलीज हो गया है. गाने में एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया छठ की भक्ति में रंगी नजर आ रही हैं. वे लाल साड़ी पहने और सिंदूर लगाकर हाथों में पूजा की थाली लिए ट्रेडिशनल तरीके से पूजा करती दिख रही हैं.
गाने में छठ पूजा के साथ बिहार की संस्कृति और वन देवी की शक्ति को भी कहानी से जोड़ा गया है. पूरे गाने में तमन्ना भाटिया की आंखों में छठी मैया पर अटूट विश्वास देखा जा सकता है. ‘द व्वान’ एक फोक स्टोरी है और फैंटेसी पर आधारित फिल्म है. इस फिल्म में रोमांस, मिस्ट्री, एडवेंचर और कॉमेडी का अनोखा मेल देखने को मिलेगा. इससे पहले आए फिल्म का गाने ‘समझो ना’ में फिल्म की प्रेम कहानी को बखूबी दिखाया गया है.
ये भी पढ़ें: ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ की शूटिंग के वक्त परिणीति चोपड़ा प्रेग्नेंट थी, सेट पर राघव थे साथ

‘छठी मैया’ फिल्म की स्पिरिचुअल साइड दिखाता है
इस गाने के बारे में तमन्ना भाटिया ने कहा कि ‘द व्वान’ का हिस्सा बनना उनके लिए एक खास अनुभव है. उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए पहली बार बड़े पर्दे पर छठ मनाने और बिहार व पटना के गौरव को दिखाने का अवसर मिला है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक भी इस गीत को उसी श्रद्धा और स्पिरिचुअल फीलिंग के साथ महसूस करेंगे, जिस इमोशन के साथ इसे बनाया गया है.
सिंगर विशाल मिश्रा ने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में गहराई से जुड़ी छठ की पवित्र परंपरा को पहली बार हिंदी सिनेमा तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि भारतीय संस्कृति की खुशबू दुनिया के हर कोने तक पहुंचे और उसे वह प्रेम व सम्मान मिले, जिसकी वह हकदार है. उन्होंने इस गीत को कौशल किशोर और पूरी ‘द व्वान’ टीम की ओर से लोगों को समर्पित एक छोटी-सी भेंट बताया.

ये भी पढ़ें: ऑफिसर बनना चाहते थे जयदीप अहलावत, जानें- क्यों ‘दृश्यम 3’ एक्टर का सपना नहीं हुआ पूरा
‘छठी मैया’ को विशाल मिश्रा ने गाया और कंपोज किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं. गीत की कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है. गाना जी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज हुआ है. ‘द व्वान’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म के डायरेक्टर दीपक मिश्रा हैं. इसका निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है.
फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. लोककथा, फैंटेसी, संगीत और भारतीय संस्कृति के मेल के कारण फिल्म को लेकर ऑडियंस एक्साइटेड है.

